दिल्ली में 1 नवंबर से केवल BS-6, CNG और ई-बसों को एंट्री, सोनीपत पुलिस की कड़ी निगरानी
दिल्ली में वायु प्रदूषण रोकने के लिए 1 नवंबर से केवल BS-6, CNG और इलेक्ट्रॉनिक बसों को ही प्रवेश मिलेगा। ...और पढ़ें

दिल्ली में 1 नवंबर से केवल BS-6, CNG और ई-बसों को एंट्री ( एआई जेनरेटेड इमेज )
जागरण संवाददाता, सोनीपत। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेजी से बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को लेकर सोनीपत पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है।
एक नवंबर से दिल्ली सीमा में केवल निर्धारित मानकों वाली बसों को ही प्रवेश की अनुमति मिलेगी। पुलिस आयुक्त ममता सिंह व पुलिस उपायुक्त मुख्यालय व यातायात सोनाक्षी सिंह के निर्देशन में अधिकारियों को इन नियमों की सख्त पालना कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
1 नवंबर से नहीं मिलेगी बसों को अनुमति
सीएक्यूएम के नए नियमों के तहत एक नवंबर से दिल्ली में केवल वही बसें प्रवेश कर सकेंगी, जो इलेक्ट्रॉनिक, सीएनजी या बीएस-6 डीजल मानकों पर खरी उतरेंगी। यह नियम ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट (एआइटीपी) वाली बसों, स्कूल बसों, निजी टूर ऑपरेटरों और अंतरराज्यीय बस सेवाओं पर समान रूप से लागू होगा।
डीसीपी सोनाक्षी सिंह ने बताया कि नियमों को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए बस संचालकों, ट्रांसपोर्ट यूनियनों, टूर आपरेटरों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की जा रही हैं, ताकि वे समय रहते अपनी तैयारियां पूरी कर सकें।
केजीपी-केएमपी जीरो प्वाइंट पर नाकाबंदी और चेकिंग अभियान
दिल्ली जाने वाले गैर-मानक वाहनों को सीमा पर ही रोकने और नियमों की पालना कराने के लिए सोनीपत पुलिस विशेष चेकिंग अभियान चलाएगी। इसके लिए केजीपी-केएमपी जीरो प्वाइंट (कुंडली) पर पुलिस द्वारा स्थायी नाकाबंदी की जाएगी।
पुलिस बल तैनात रहकर दिल्ली की ओर जाने वाली प्रत्येक बस के ईंधन और प्रदूषण प्रमाण-पत्रों की गहनता से जांच करेगा। निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को दिल्ली सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा और नियमानुसार चालान व जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
जयपुर और आगरा जाने वालों के लिए बाईपास का सुझाव
यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और दिल्ली में अनावश्यक जाम से बचने के लिए पुलिस ने वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की है।
जयपुर, गुरुग्राम, पलवल और आगरा की तरफ जाने वाले भारी वाहनों व बस चालकों को दिल्ली के अंदर से गुजरने के बजाय कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) तथा कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने सभी ट्रांसपोर्टरों और यात्रियों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ हवा की दिशा में दिए गए निर्देशों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।
यह भी पढ़ें- मानसा चलो के आह्वान पर पुलिस एक्शन में, अकाली दल वारिस पंजाब के कई नेता घरों में किया नजरबंद
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।