सोनीपत: हत्या के केस में जेल में बंद हवालाती ने की आत्महत्या, बाथरूम के वेंटिलेशन में लगाया कपड़े का फंदा
सोनीपत जेल में हत्या के मामले में बंद हवालाती विनोद ने बाथरूम के वेंटिलेशन में कपड़े का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक विनोद की फाइल फोटो
HighLights
सोनीपत जेल में हत्या के आरोपी हवालाती ने की आत्महत्या।
बाथरूम के वेंटिलेशन में कपड़े का फंदा लगाकर जान दी।
जुलाई 2026 से हत्या के मामले में जेल में बंद था।
जागरण संवाददाता, सोनीपत। जेल में हत्या के मामले में बंद हवालाती ने बाथरूम के वेंटिलेशन में कपड़े का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही स्वजन जेल पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की निगरानी में कार्रवाई शुरू की गई है। स्वजन के बयान दर्ज होने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल विनोद ने यह कदम क्यों उठाया, इसका पता नहीं चल पाया है। जेल प्रशासन और संबंधित थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जुलाई 2026 से जेल में बंद था विनोद
गांव खंदराई निवासी प्रदीप ने बताया कि उसका भाई विनोद जुलाई 2026 से सोनीपत जेल में बंद था। वह हत्या के एक मामले में हवालाती था। जेल में उसने बाथरूम के वेंटिलेशन में कपड़े से फंदा बनाया और आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी जेल प्रशासन ने गांव के सरपंच के माध्यम से परिवार को दी।
दो मामलों में दर्ज थे मुकदमे
विनोद के खिलाफ दो मामले दर्ज थे। इनमें एक मामला 2021 में हुए लड़ाई-झगड़े से जुड़ा था, जबकि दूसरा मामला 2026 में हत्या के आरोप में दर्ज हुआ था। इसी मामले में गिरफ्तारी के बाद उसे जुलाई में सोनीपत जेल भेजा गया था।
विनोद के खिलाफ दर्ज हत्या के मामले में गांव खंदराई निवासी प्रवीण ने 29 जून 2026 को शिकायत दी थी।
शिकायत में प्रवीण ने बताया था कि करीब दो साल पहले आदित्य निवासी खंदराई ने उसकी बहन से छेड़छाड़ के आरोप में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में विनोद जेल भी गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, विनोद आदित्य के परिवार के साथ रहता था।
फास्ट फूड की दुकान पर हाथापाई के बाद बढ़ा था विवाद
शिकायत के अनुसार, घटना से दो-तीन दिन पहले खंदराई मोड़ स्थित फास्ट फूड की दुकान पर विनोद और दूसरे पक्ष के बीच हाथापाई हुई थी।
आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर बाद में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की थी और बाद में विनोद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
2021 में हुई थी शादी, पत्नी और दो बच्चे हैं
विनोद की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। स्वजन का कहना है कि अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
