Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रक में लिफ्ट मांगी, फिर 12 लाख लेकर फरार; यूपी पुलिस के निलंबित सिपाही ने ही की थी ड्राइवर से लूटपाट

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 06:07 PM (IST)

    राई पुलिस ने केजीपी एक्सप्रेसवे पर ट्रक चालक से 12 लाख रुपये से अधिक की लूट का मामला सुलझा लिया है। इस वारदात में यूपी पुलिस का एक निलंबित सिपाही और उ ...और पढ़ें

    वर्दी की धौंस दिखाकर चालक से बारह लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा कागजात व मोबाइल फोन आदि लूट लिए गए थे।

    वर्दी की धौंस दिखाकर चालक से बारह लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा कागजात व मोबाइल फोन आदि लूट लिए गए थे।

    HighLights

    1. राई पुलिस ने 12 लाख की लूट का मामला सुलझाया।

    2. निलंबित यूपी सिपाही और साथी गिरफ्तार किए गए।

    3. वर्दी का दुरुपयोग कर ट्रक चालक को लूटा गया।

    जागरण संवाददाता, राई (सोनीपत)। केजीपी एक्सप्रेसवे पर आठ दिन पहले हुई एक ट्रक चालक से लूट की वारदात को राई थाना पुलिस ने सुलझा लिया है। चालक को लूटने वाले दो बाइकर थे, जिनमें से एक ने यूपी पुलिस की वर्दी पहन रखी थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। वर्दीधारी कोई और नहीं यूपी पुलिस का एक निलंबित सिपाही था। वर्दी की धौंस दिखाकर चालक से बारह लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा कागजात व मोबाइल फोन आदि लूट लिए गए थे।

    लिफ्ट मांगकर चढ़ा ट्रक पर

    राई के एसीपी मलकीत सिंह ने बताया कि 13 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे मेरठ जा रहे एक ट्रक के चालक अमित को बाइक सवार दो लोगों ने उस समय रोक लिया जब वह एनएच-44 से केजीपी के लिए चढ़ा ही था।

    अमित सिरसपुर में ट्रक में लदा लेड अनलोड करके वहां से 12 लाख 15 हजार 200 रुपये लेकर लौट रहा था। बाइक चला रहा एक व्यक्ति यूपी पुलिस की वर्दी में था। उसके पीछे बैठा व्यक्ति भी आंशिक रूप से यूपी पुलिस का वर्दीधारी था।

    बाइक चला रहे व्यक्ति ने अपने पीछे बैठे व्यक्ति को दिखाते हुए ट्रक चालक अमित को कहा कि दीवान जी को बागपत छोड़ देना। पुलिस के प्रभाव में आकर अमित ने उसे केबिन में बिठा लिया।

    रुपया देखते ही झाड़ने लगा पुलिसिया रौब

    ट्रक में आते ही उस व्यक्ति ने रौब झाड़ते हुए अमित की तलाशी लेते हुए उसका डीएल व फोन ले लिया और रुपयों से भरे थैले पर नजर पड़ते ही अपने कब्जे में ले लिया और पूछा कि इतना रुपया कहां से आया।

    खबरें और भी

    हक्का-बक्का अमित कुछ समझ पाता इससे पहले ही ट्रक में चढ़ा व्यक्ति यह कहते हुए जाकर बाइक पर बैठ गया कि वह थाने आ जाए। फिर दोनों बाइकर देखते ही देखते हवा हो गए। लुटे-पिटे अमित ने वारदात की जानकारी राई थाना पुलिस को देकर बाइकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाकर लूटी गई रकम वापस दिलाने की बात कही।

    लुटेरों को पहले से पता थी रुपयों की बात

    एसीपी के अनुसार मामले की जांच के लिए राई थाना प्रबंधक यशवीर और एसयूएजी सेक्टर-7 के प्रभारी पीएसआई विवेक के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने गहन जांच के बाद पता लगाया कि चालक अमित की मूवमेंट की जानकारी दोनों बाइकर्स को लीक की गई थी।

    बाइकर्स को यह भी बताया गया कि अमित भोले स्वभाव का है। उस पर जल्दी प्रभाव डाला जा सकता है। सिरसपुर से मामल के पैसे लेकर निकलते ही उसका पीछा किया जाना शुरू हो गया था। मौका देखकर बाइकर्स ने उसे अपना निशाना बनाया और भाग गए।

    देनदारियों के चलते बन गया लुटेरा

    एसीपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों व्यक्तियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उनमें एक के ऊपर काफी देनदारियां थीं, जिसके चलते लूट का षड्यंत्र रचा गया। अब नियमानुसार कोर्ट के आदेश पर उनकी शिनाख्त परेड करवाई जाएगी। इस प्रक्रिया के पूरी हो जाने के बाद ही दोनों आरोपितों की पहचान उजागर की जाएगी।