टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में नया मोड़, शूटर रेहान की जमानत के लिए अमन ने क्यों कराए 3000 ट्रांसफर? Inside Story
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में सोनीपत कनेक्शन की जांच में गोहाना के अमन का नाम सामने आया है, जिसने कथित ...और पढ़ें

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस
HighLights
टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में सोनीपत का नया कनेक्शन
शूटर रेहान की जमानत के लिए अमन ने पैसे ट्रांसफर किए
रेहान पहले भी अवैध हथियार मामले में गिरफ्तार हुआ था
दीपक गिजवाल, सोनीपत। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में सोनीपत कनेक्शन की जांच के बीच गोहाना के अमन का नाम सामने आया है। मामले में पकड़े गए सोनीपत के दोनों आरोपितों के परिवारों से बातचीत में अमन के संपर्क की बात सामने आई है।
मां की पिटाई से नाराज हो, छोड़ा घर
रेहान की मां शमशीदा ने बताया कि अवैध हथियार के मामले में बेटे की गिरफ्तारी के बाद अमन ने फोन कर उसकी जमानत कराने के लिए कहा था। मां के मुताबिक, उन्होंने अमन के कहने पर 3 हजार रुपये भी ट्रांसफर किए थे।
वहीं, नाबालिग के पिता के मुताबिक, घर में बहन के साथ खीर को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने बेटे को पीट दिया था। इसके बाद बेटा घर छोड़कर गोहाना में अमन के पास रहने लगा था। अमन के खिलाफ भी अवैध हथियारों से जुड़े कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है।
स्कूल छोड़ करने लगा दूध फैक्ट्री में काम
रेहान के परिवार के मुताबिक, पिछले साल उसका दाखिला शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत दिल्ली विद्यापीठ स्कूल में दसवीं कक्षा में कराया गया था। वह पढ़ाई में ठीक-ठाक था और 12वीं पास करने के बाद पुलिस में भर्ती होना चाहता था। हालांकि, दाखिला लेने के करीब तीन महीने बाद ही उसने स्कूल छोड़ दिया। इसके बाद वह मुरथल स्थित एक दूध फैक्ट्री में काम करने लगा।
दूध फैक्ट्री में बिहार के युवक से हुई मुलाकात
रेहान की मां शमशीदा के मुताबिक, दूध फैक्ट्री में काम के दौरान रेहान की मुलाकात बिहार के रहने वाले एक युवक से हुई थी। उस युवक ने उसे गुरुग्राम में ज्यादा पैसे मिलने की बात कही। इसके बाद रेहान परिवार को वेल्डिंग का काम करने की बात बताकर गुरुग्राम चला गया। मां के पास उस युवक के बारे में इससे ज्यादा जानकारी नहीं थी।
हथियारों के साथ फोटो खिंचवाने पर दर्ज हुआ था केस
शमशीदा ने बताया कि अगस्त 2026 में रेहान के कुछ दोस्त हथियारों के साथ फोटो खिंचवा रहे थे। रेहान ने भी उनके साथ फोटो खिंचवा ली थी। इनमें से कुछ युवकों ने फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दीं।
इसके बाद 19 अगस्त 2026 को रेहान के खिलाफ बरोदा थाने में अवैध हथियार बरामदगी के मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी। मां के अनुसार, पुलिस ने उसी दिन उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। वह करीब 14 दिन जेल में रहा।
अमन ने फोन कर जमानत कराने को कहा था
शमशीदा के मुताबिक, 3 सितंबर को गोहाना में जज शुभम की अदालत से रेहान की जमानत का आदेश हुआ और 5 सितंबर को वह जेल से बाहर आया। जमानत की प्रक्रिया के दौरान गोहाना निवासी अमन का उनके पास फोन आया था। उसने रेहान के पास से अवैध हथियार मिलने और उसकी जमानत कराने की बात कही थी। इसके बाद शमशीदा ने किसी दुकान के माध्यम से अमन को 3 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे।
जमानत के बाद फिर गुरुग्राम जाने की बात कहकर निकला
परिवार के अनुसार, जेल से बाहर आने के बाद रेहान कुछ दिन घर पर रहा। इसके बाद वह काम के सिलसिले में गुरुग्राम जाने की बात कहकर घर से निकल गया। फिर परिवार का उससे संपर्क नहीं हुआ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।