विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana News: लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का पर्दाफाश, महिला सहित दो गिरफ्तार

By Jagran NewsEdited By: Paras Pandey
Published: Mon, 30 Oct 2023 04:00 AM (GMT+05:30)

युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर वेश्यावृत्ति कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ...और पढ़ें

आरोपित महिला व उसका साथी पुलिस रिमांड पर है।
आरोपित महिला व उसका साथी पुलिस रिमांड पर है।

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर वेश्यावृत्ति कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें नहर कालोनी निवासी अंजलि व उसके साथी लक्ष्मी गार्डन निवासी शमसेर सिंह उर्फ दीप को गिरफ्तार किया है।

यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो दूसरे प्रदेशों से युवतियों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर बुलवाते और फिर वेश्यावृत्ति के धंधे में धकेल देते। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो युवतियों को भी बरामद किया है। उनको कोर्ट में पेश कर 164 के बयान कराए गए। आरोपित अंजलि को दो दिन व शमसेर सिंह को तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है।

यह हुआ था केस 

दिल्ली निवासी 26 वर्षीय युवती ने 12 अक्टूबर को सेक्टर 17 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह नौकरी की तलाश में थी। लगभग छह माह पहले उसकी मुलाकात राजकुमार के साथ हुई थी। राजकुमार उसे नौकरी दिलवाने के बहाने यमुनानगर लेकर आ गया था। यहां आरोपित ने उसे नहर कालोनी निवासी अंजली, उसके पति विक्की व मुस्कान के पास छोड़ दिया था। इस दौरान विक्की ने उसके साथ गलत काम किया।

जब उसने इस बारे अंजली व मुस्कान को बताया तो उन्होंने भी विक्की का ही साथ दिया था। बाद में पता लगा कि यह गिरोह है और वेश्यावृत्ति का धंधा करता है। एक दिन वह किसी तरह से आरोपितों से बचकर निकली थी। पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी थी।

फ्लैट से दो युवतियों के साथ गिरफ्तार किया गया दीप

पुलिस ने नहर कालोनी निवासी अंजलि को उसके घर से गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने सेक्टर 17 स्थित पंडित अपार्टमेंट के फ्लैट में रेड की। जहां से शमसेर सिंह उर्फ दीप को गिरफ्तार किया गया। उसके फ्लैट से दिल्ली व राजस्थान की दो युवतियां भी मिली हैं। पुलिस ने दोनों युवतियों के कोर्ट में 164 के बयान कराए। जहां उन्होंने बताया कि अंजलि व दीप उनसे गलत काम कराते थे।

अनुबंध कर बंधक बनाकर रखती थी युवतियों को 

पुलिस की जांच में सामने आया कि अंजलि युवतियों को नौकरी का झांसा देकर देह व्यापार के धंधे में धकेल देती थी। अनुबंध कर युवतियों को बंधक भी बनाकर रखती थी। प्रत्येक युवती को सप्ताह में 45 हजार के अनुबंध पर रखा जाता। जिसके बदले में युवती को 60 बार ग्राहक के पास भेजा जाता।

इस धंधे में अंजलि व शमसेर सिंह के साथ कई और लोग जुड़े हैं। उनकी भी पुलिस को तलाश है। वहीं पूछताछ में लगभग 20 दलालों के नाम भी सामने आए हैं। वह भी पुलिस के रडार पर है। ऐसे में उन दलालों तक भी पुलिस पहुंचेगी। 

होटल संचालकों तक पहुंच सकती है जांच की आंच

अंजलि व उसके साथी शमसेर सिंह की गिरफ्तारी के बाद होटल संचालकों की भी मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि शहर के काफी होटलों के नाम भी खुले हैं। आरोपित इन होटलों में युवतियों को भेजकर देह व्यापार करा रहे थे। जिन होटलों में गलत कार्य हो रहा था। उन्हें भी चिह्नित किया जा रहा है।

उन पर भी सील लग सकती है। वहीं बताया जा रहा है कि अधिकतर होटल जगाधरी एरिया के हैं। जिनमें इस तरह का धंधा चल रहा है। महिला थाना प्रभारी दीपिका ने बताया कि यह एक बड़ा गिरोह है। अभी इसकी तफ्तीश चल रही है। जल्द ही इस गिरोह में शामिल कर अन्य आरोपितों को भी पकड़ा जाएगा। जिन होटलों में इस तरह का अवैध धंधा चल रहा है। उन्हें भी चिह्नित किया जा रहा है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।