हरियाणा: गुमथला में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण, यमुनानगर-करनाल सड़क जाम कर जताया रोष
गुमथला गांव के ग्रामीणों ने बिजली की किल्लत से परेशान होकर यमुनानगर-करनाल सड़क पर जाम लगा दिया और बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।

हरियाणा: गुमथला में बिजली कटौती से भड़के ग्रामीण (फाइल फोटो)
HighLights
गुमथला ग्रामीणों ने बिजली किल्लत पर यमुनानगर-करनाल सड़क जाम की।
बिजली निगम अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी, जेई पर रिश्वतखोरी का आरोप।
एसडीओ के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम खोला गया।
जागरण संवाददाता, रादौर। गुमथला गांव में ग्रामीणों ने बिजली किल्लत से परेशान होकर यमुनानगर-करनाल सड़क पर पुलिस चौकी के समीप जाम लगा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
ग्रामीणों का आरोप था कि गांव में कई दिन से बार-बार लंबे बिजली कट लग रहे है। कई-कई घंटे तक बिजली ठप रहती है। गर्मी के मौसम में जहां ग्रामीणों का बिना लाइट के जीना मुहाल हो रहा है वहीं घरेलू कार्य व पानी की सप्लाई भी बाधित हो रही है। सूचना पाकर बिजली निगम के एसडीओ अवनीश यादव, जेई अभिषेक व संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने जेई पर रिश्वतखोरी का आरोप भी लगाया। जिससे माहौल गर्मा गया और ग्रामीणों व जेई के बीच बहस भी हुई। लेकिन एसडीओ अवनीश यादव ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया और ग्रामीणों को जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे बाद जाम खोला।
ग्रामीणों ने जेई से की बात
ग्रामीण बलविंद्र सिंह, दीवान खुराना, राजेश सलूजा, संजू, बृजेश, राजपाल, पंजाब सिंह, विजय सेतिया, रमेश खुराना, भीम सेतिया ने बताया कि पिछले कई दिनों से गांव की लाइट बार-बार खराब हो रही है। जिस कारण घंटों बिजली गुल रहती है। गर्मी का मौसम होने से ग्रामीणों को परेशानी होती है। महिलाएं व बच्चे अधिक परेशान हो रहे है। बिजली न होने से घरेलू कार्य तक प्रभावित हो रहे है। यहा तक कि गांव में पानी की सप्लाई भी बाधित हो रही है। परेशान होकर जब ग्रामीण संबंधित जेई को फोन करते है, तो वह फोन कॉल रिसीव नहीं करते।
मंगलवार की शाम भी लालछप्पर गांव के पास से लाइट खराब हो गई थी। जेई को फोन किया, तो उसने फोन काल रिसीव नहीं की। जिसके बाद उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। जिसपर दो लाइनमैन लाइट व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए भेजे गए।
रात करीब नौ बजे उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से बिजली फाल्ट दूर करने के लिए कार्य शुरू किया। करीब डेढ़ बजे तक लाइट व्यवस्था दुरूस्त हुई। जेई का रवैया ग्रामीणों के प्रति बिल्कुल ठीक नहीं है। वह न तो ग्रामीणों की सुनना पसंद करते है और न ही समस्या का समाधान करना।
मौसम खराब होने के कारण बिजली सप्लाई में समस्या आ रही है। रात करीब डेढ़ बजे बिजली व्यवस्था दुरूस्त कर दी गई थी। कर्मचारियों को ग्रामीणों की सुनवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। जेई पर ग्रामीणों ने जो आरोप लगाए है। उनकी जांच की जाएगी। -अवनीश यादव, एसडीओ बिजली निगम
