विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हथनीकुंड बैराज हादसा: 14 घंटे बाद भी 2 कमांडो लापता... सेना, NDRF और SDRF ने झोंकी ताकत, हेलिकॉप्टर से रातभर चला अभियान

Published: Wed, 02 Sep 2026 08:07 AM (IST)

हथनीकुंड बैराज में मोटर बोट पलटने के बाद लापता हुए दो कमांडो की तलाश 14 घंटे से जारी है।

हेलिकॉप्टर से चला रातभर अभियान (जागरण फोटो)

हेलिकॉप्टर से चला रातभर अभियान (जागरण फोटो)

HighLights

  1. हथनीकुंड बैराज में ट्रेनिंग के दौरान मोटर बोट पलटी

  2. दो कमांडो 14 घंटे से लापता, तलाश जारी

  3. सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी टीमें खोज में जुटीं

जागरण संवाददाता, यमुनानगर। हथनीकुंड बैराज में मंगलवार शाम ट्रेनिंग के दौरान मोटर बोट पलटने के बाद लापता हुए दो कमांडो की तलाश 14 घंटे से लगातार जारी है। पूरी रात हेलिकॉप्टर से पश्चिमी यमुना नहर और बैराज क्षेत्र में निगरानी की गई। सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और उत्तर प्रदेश से आई पीएसी की टीमें भी तलाश में जुटी रहीं। बुधवार सुबह तक दोनों कमांडो का कोई सुराग नहीं मिला है। 

हेलिकॉप्टर से पश्चिमी यमुना नहर के ऊपर लगातार निगरानी की जा रही है। बैराज के गेट के आसपास और पानी के बहाव वाले हिस्सों में बचाव दल तलाश कर रहे हैं। नहर के किनारों पर भी खोजबीन की जा रही है।

 मंगलवार शाम पैराट्रूप यूनिट के जवान ट्रेनिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मोटर बोट बैराज के डेंजर जोन में पलट गई थी। बोट में सवार तीन कमांडो सुरक्षित बाहर निकल आए थे, जबकि दो कमांडो लापता हो गए। हादसे के बाद से ही दोनों की तलाश शुरू कर दी गई थी।

WhatsApp Image 2026-09-01 at 20.05.12

रातभर चला सर्च अभियान

लापता कमांडो की तलाश के लिए दो हेलिकॉप्टर लगाए गए थे। सेना की टीमों के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और उत्तर प्रदेश से आई पीएसी ने रातभर अभियान चलाया। रात करीब दो बजे तक टीमें नहर और बैराज के आसपास तलाश करती रहीं। अंधेरा होने के बावजूद अभियान जारी रखा गया।

WhatsApp Image 2026-09-01 at 20.05.11

गेट के आसपास पानी में तलाश

बैराज के गेट के आसपास पानी का खिंचाव रहता है। हादसे के बाद लापता कमांडो के पानी के बहाव के साथ आगे चले जाने की आशंका को देखते हुए पश्चिमी यमुना नहर में भी तलाश की जा रही है। हेलिकॉप्टर से ऊपर से पानी के बहाव वाले हिस्सों पर नजर रखी जा रही है।

तीन कमांडो सुरक्षित निकले

मोटर बोट पलटने के बाद तीन कमांडो सुरक्षित बाहर निकल आए थे। पीछे दूसरी मोटर बोट में सवार कमांडो भी मौके पर पहुंचे थे। इसके बावजूद पानी में लापता दोनों कमांडो का पता नहीं चल सका।

WhatsApp Image 2026-09-02 at 06.54.06

लापता कमांडो में एक महाराष्ट्र और दूसरा जम्मू-कश्मीर का बताया जा रहा है। छछरौली के एसडीएम जसपाल गिल ने मंगलवार को दो कमांडो के लापता होने की पुष्टि की थी। हालांकि सेना की ओर से दोनों के लापता होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

14 घंटे से जारी है तलाश

हादसे के बाद से लगातार चल रहे सर्च अभियान को 14 घंटे हो चुके हैं। हेलिकाप्टर के साथ सेना और बचाव दलों की टीमें पश्चिमी यमुना नहर और बैराज क्षेत्र में तलाश कर रही हैं। फिलहाल दोनों लापता कमांडो का कोई सुराग नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें- यमुनानगर में हथनीकुंड बैराज पर मॉक ड्रिल करने आए 4 पैरा कमांडो नदी में गिरे, तीन तैरकर बाहर निकले; एक लापता