विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यमुनानगर से वैष्णो देवी-वृंदावन और खाटूश्याम जाने वाली बस सेवा ठप, नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:49 PM (IST)

यमुनानगर से प्रमुख धार्मिक स्थलों जैसे वृंदावन, खाटूश्याम और कटरा के लिए रोडवेज बस सेवा बंद होने से नवरात्र से पहले श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है।

यमुनानगर से वैष्णो देवी-वृंदावन और खाटूश्याम जाने वाली बस सेवा ठप (फाइल फोटो)

यमुनानगर से वैष्णो देवी-वृंदावन और खाटूश्याम जाने वाली बस सेवा ठप (फाइल फोटो)

HighLights

  1. यमुनानगर से धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बस सेवा बंद

  2. वृंदावन, खाटूश्याम, कटरा रूट तीन माह से ठप

  3. नवरात्र से पहले रूट बहाली की मांग जोर पकड़ रही

जागरण संवाददाता. यमुनानगर। नवरात्र व त्योहारी सीजन सिर पर है। धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने वाली है, पर यमुनानगर से प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए रोडवेज की सीधी बस सेवा ठप है।

वृंदावन व खाटूश्याम रूट तीन माह से बंद हैं, वहीं जम्मू के कटड़ा रूट को एक सालभर से बहाली का इंतजार है। ऐसे में धार्मिक यात्रा की तैयारी कर रहे श्रद्धालुओं को दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ऐसे में धार्मिक संगठनों की ओर से रोडवेज से त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले इन रूटों को बहाल करने की मांग की गई है।

यमुनानगर डिपो में कुल 161 बसें हैं। इनमें 150 से 155 बसें आनरूट रहती हैं, जबकि बाकी बसें मरम्मत व सर्विस के लिए वर्कशाप में रहती हैं। डिपो में बसों की उपलब्धता के बावजूद धार्मिक रूट बंद हैं। अब नवरात्र नजदीक आने के साथ इन रूटों को दोबारा चलाने की मांग भी जोर पकड़ रही है।

वृंदावन व खाटूश्याम धार्मिक यात्राओं के प्रमुख केंद्र हैं। त्योहारों व छुट्टियों के दौरान इन स्थानों पर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है, वहीं जम्मू के कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भी जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु जाते हैं।

सीधी रोडवेज सेवा बंद होने के कारण यात्रियों को निजी बसों या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। रास्ते में वाहन बदलने से विशेष रूप से बुजुर्गों व परिवार के साथ यात्रा करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ जाती है।

नवरात्र से पहले रूट बहाल करने की मांग

आदिबद्री में दंडी स्वामी विनय स्वरूप ब्रह्मचारी ने कहा कि जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन व खाटूश्याम जाते हैं। इनकी संख्या नवरात्र व अन्य त्योहारों में बढ़ेगी। रोडवेज को त्योहारी सीजन से पहले तीनों रूटों पर बस सेवा शुरू करनी चाहिए।

बूड़िया के दयालगढ़ स्थित पतालेश्वर महादेव मंदिर ट्रस्ट के प्रधान जनार्धन शर्मा ने कहा कि माता वैष्णो देवी के दरबार जाने वाले बुजुर्गों व परिवारों के लिए सीधी बस सुविधा काफी उपयोगी रहती है। नवरात्र से पहले कटड़ा व अन्य धार्मिक रूटों को बहाल किया जाना चाहिए।


यात्रियों की मांग के अनुसार ही बसें चलाई जा रही हैं। बंद रूटों पर सवारी कम थी। अगर रूट बहाली की मांग है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -संजय रावल, रोडवेज महाप्रबंधक, यमुनानगर डिपो।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।