अभय सिंह चौटाला के समधी के करिबियों को धमकी: काला राणा गैंग ने ऑडियो जारी कर कहा- 'अब 50 गोलियां मारी जाएंगी'
यमुनानगर में हरभजन सिंह हत्याकांड के बाद काला राणा गिरोह से जुड़े शुभम पंडित के नाम से एक धमकी भरा वीडियो वायरल हुआ है।
-1788844066019_m.webp)
पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के करीबियों पर निशाना।
HighLights
हरभजन हत्याकांड के बाद काला राणा गिरोह की धमकी
शुभम पंडित के नाम से वायरल हुआ धमकी भरा वीडियो
पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के करीबियों को निशाना बनाया
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। कारोबारी एवं ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर अब तीन मिनट का धमकी भरा वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में बदमाश शुभम पंडित के नाम से इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह का साथ देने वालों को धमकी दी गई है। वीडियो में बेहद अश्लील और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
इसमें कहा गया है कि जो भी पूर्व विधायक का साथ देगा, उसका यही अंजाम होगा और इस बार 50 गोलियां मारी जाएंगी। वो पूर्व विधायक अभय सिंह चौटाला के समधी है। हालांकि पुलिस ने अभी वीडियो की पुष्टि नहीं की है। दैनिक जागरण भी इस ओडियो की पुष्टि नहीं करता है।
हरभजन सिंह की हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट के बाद यह नया वीडियो सामने आया है। हरभजन हत्याकांड की जिम्मेदारी भी शुभम पंडित के नाम से बने इंटरनेट मीडिया अकाउंट से पोस्ट डालकर ली गई थी। पुलिस ने उस अकाउंट को बंद करा दिया था। अब नए वीडियो ने पुलिस के सामने एक बार फिर चुनौती खड़ी कर दी है।
काला राणा गिरोह से जुड़ा कनेक्शन
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के गांव साधोगंज का रहने वाला शुभम पंडित यमुनानगर के गांधीनगर थाना क्षेत्र की बैंक कालोनी में रह चुका है। वह पुलिस का वांछित बदमाश है और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित है। उसका नाम काला राणा गिरोह से जुड़ी कई वारदातों में सामने आ चुका है।
तिहरे हत्याकांड का मुख्य शूटर
शुभम पंडित थाना रादौर क्षेत्र के गांव खेड़ी लक्खा सिंह में 26 दिसंबर 2024 को हुए तिहरे हत्याकांड में वांछित है। सुबह करीब आठ बजे खेड़ी लक्खा सिंह पुलिस चौकी के पास बाइक पर आए पांच नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा नेता नरेंद्र राणा के चचेरे भाई समेत तीन शराब ठेकेदारों पर अंधाधुंध 60 से अधिक गोलियां चलाई थीं। इस मामले में शुभम पंडित का नाम मुख्य शूटर के तौर पर सामने आया था।
एक फायरिंग के बाद नहीं चेती पुलिस
तिहरे हत्याकांड से करीब एक सप्ताह पहले गांधीनगर थाना क्षेत्र में भी फायरिंग हुई थी। इसमें शुभम पंडित का नाम सामने आया था। आरोप है कि उस समय पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसके बाद वह लगातार अलग-अलग वारदातों में पुलिस को चुनौती देता रहा। तिहरे हत्याकांड के बाद से वह फरार चल रहा है।
पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर फायरिंग की भी ली थी जिम्मेदारी
दो अप्रैल 2026 को पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की प्लाईवुड फैक्ट्री पर फायरिंग हुई थी। इस वारदात की जिम्मेदारी भी शुभम पंडित के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर ली गई थी।
पोस्ट में इसे ट्रेलर बताते हुए आगे और धमकी दी गई थी। पोस्ट में जितेंद्र गोगी मान ग्रुप को भी टैग किया गया था। अब हरभजन हत्याकांड के बाद सामने आई पोस्ट में भी इसी गिरोह को टैग किए जाने की बात सामने आई है।
फगवाड़ा में भी हुई थी फायरिंग
27 नवंबर 2025 को पंजाब के फगवाड़ा में एक राजनेता से रंगदारी मांगे जाने के बाद फायरिंग की वारदात हुई थी। रंगदारी नहीं देने पर हुई इस वारदात में भी शुभम पंडित का नाम सामने आया था। पंजाब पुलिस उसके माता-पिता को उसे पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है।
फर्जी पासपोर्ट बनवाने का भी प्रयास
शुभम पंडित पर फर्जी पते और गलत जानकारी देकर पासपोर्ट बनवाने का प्रयास करने का भी मामला दर्ज है। 22 फरवरी 2026 को गांधीनगर थाना में इस संबंध में केस दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने उत्तर प्रदेश और झारखंड के अलग-अलग पतों से पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था और जन्मतिथि समेत अन्य जानकारी भी गलत दी थी।
समय पर कार्रवाई होती तो टल सकती थीं वारदातें?
गांधीनगर क्षेत्र में फायरिंग के बाद यदि समय रहते शुभम पंडित को गिरफ्तार कर लिया जाता तो इसके बाद सामने आई वारदातों को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल नहीं उठते।
तिहरे हत्याकांड के बाद भी उसके फरार रहने और अलग-अलग वारदातों में उसका नाम सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। अब हरभजन हत्याकांड के बाद उसके नाम से धमकी भरा वीडियो सामने आने से पुलिस के सामने उसे पकड़ने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर धमकियां फैलाने वाले नेटवर्क तक पहुंचने की भी चुनौती है।
