Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिलासपुर में घर के पास व्यक्ति पर झपटा तेंदुआ, बाजू और पीठ पर गहरे जख्म, विभाग की सलाह- अकेले बाहर न निकलें

    By Munish Ghariya Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Thu, 26 Mar 2026 03:49 PM (IST)

    बिलासपुर के हम्बार गांव में बुधवार रात एक तेंदुए ने ओमप्रकाश पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सिविल अस्पताल मार्कण्ड में भर्त ...और पढ़ें

    बिलासपुर में तेंदुए के हमले में घायल व्यक्ति।

    बिलासपुर में तेंदुए के हमले में घायल व्यक्ति।

    HighLights

    1. बिलासपुर के हम्बार गांव में तेंदुए ने एक व्यक्ति पर हमला किया।

    2. हमले में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती कराया गया।

    3. वन विभाग ने लोगों को रात में अकेले न निकलने की सलाह दी।

    संवाद सहयोगी, कोठीपुरा (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश में जिला बिलासपुर की पंचायत दयोथ के गांव हम्बार में बुधवार रात को तेंदुए ने घर के पास व्यक्ति पर हमला कर दिया। इस हमले में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और ग्रामीण भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

    जानकारी के अनुसार देर रात ओमप्रकाश घर के पास ही थे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुआ उन पर झपट पड़ा। उनकी चीख सुनकर स्वजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया।

    बाजू व पीठ पर आए जख्म

    गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल मार्कण्ड अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ओम प्रकाश की बाजू में नाखुन के चार और पीठ के निचले हिस्से में सात निशान एवं जख्म हैं।

    चीख सुनते ही एकत्र हो गए लोग

    राहत की बात यह है कि ओम प्रकाश का शोर सुनते ही स्वजन और ग्रामीण चंद ही सेकेंड में इकठ्ठा हो गए, जिन्हें देखकर तेंदुआ भाग गया, अन्यथा स्थितियां गंभीर हो सकती थी।

    लोगों में डर का माहौल

    घटना के बाद गांव हम्बार सहित आसपास के क्षेत्रों में लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

    खबरें और भी

    जल्द न पकड़ा खूंखार तो होगा खतरा

    स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रभावित क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाया जाए और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि तेंदुए को पकड़कर लोगों को राहत मिल सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

    अकेले बाहर न निकलने की सलाह

    घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने भी इलाके पर नजर रखना शुरू कर दिया है। विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने और रात के समय अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

    विभाग ने भेजी टीम

    उधर डीएफओ बिलासपुर राजीव कुमार ने बताया कि विभागीय टीम गांव में भेजी गई है। तेंदुए की तलाश की जा रही है।

    यह भी पढ़ें: मंडी में पंडोह डैम के पास बस और कार में भीषण टक्कर, युवक-युवती की मौके पर मौत; दो की हालत गंभीर