चंबा में आधी रात फिर बरसी आफत, चट्टानें गिरने से तहस-नहस हो गया मकान; 100 घरों को हुआ है नुकसान
चम्बा के सरोल में भारी बारिश के कारण पहाड़ी से चट्टानें गिरने से एक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि परिवार सुरक्षित रहा क्योंकि वे घर पर मौज ...और पढ़ें

चंबा के सरोल में आधी रात भूस्खलन से तहस नहस हुआ मकान। जागरण
संवाद सहयेागी, सरोल (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से आफत नहीं थम रही है। चंबा में लगातार दूसरे दिन घरों पर पहाड़ी से चट्टानें व मलबा दरका है। एक दिन पहले 100 से अधिक घरों को नुकसान हुआ था। वहीं, गत रात फिर से पहाड़ी से आफत बरसी। मंगलवार रात करीब 12 बजे चंबा के सरोल में पहाड़ी से भूस्खलन व चट्टानें गिरने से एक मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
यह मकान प्रविंद्र कुमार निवासी सरोल तहसील व जिला चंबा का था। चट्टानें गिरने से मकान मालिक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह है, कि जिस समय यह घटना हुई उस दौरान मकान के अंदर कोई भी परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था अन्यथा अनहोनी हो सकती थी।
रिश्तेदार के यहां चला गया था परिवार
जर्म सिंह ने बताया कि सोमवार रात को हुई भारी बारिश के बीच भी ऊपर की तरफ से पत्थर व मलबा आ रहा था, इस कारण उन्हें भय पैदा हो गया था। इसी भय के चलते सोमवार की रात भी जागते हुए बिताई। वहीं खतरे के चलते घर को लॉक कर पूरा परिवार रिश्तेदार के यहां चला गया था। इसी रात को ऊपर की तरफ से चट्टानें घर के लेंटल पर आग गिरीं, जिससे पूरा मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा अंदर रखा सामान जरूरतमंद सामान भी टूट फूट गया है।
धमाके से सहमे गांव के लोग
मंगलवार रात करीब 12 बजे ऊपर की तरफ भूस्खलन होने व चट्टानें गिरने से हुए धमाके को सुन कर गांव के लोग भी सहम गए। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश ने जिस तरह की आफत खड़ी थी, लेागों के घरों में मलबा व पानी घुस गया था, गाड़ियां मलबे में दब गई थी। सड़कें व रास्ते बंद थे, इस सब मंजर को देख ग्रामीण पहले से ही सहमे थे। वहीं रात के समय चट्टानें नीचे की तरफ आने से ग्रामीणों ने पूरी रात भय में व्यतीत की है।
अभी और खतरा
प्रधान ग्राम पंचायत सरोल विजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ऊपर की तरफ हुए सड़क निर्माण कार्य के चलते गांव की तरफ भूस्खलन व चट्टानें आने का खतरा बढ़ गया है।
मुख्यालय के साथ लगते सरोल गावं में भूस्खलन व चट्टानें गिरने से एक घर क्षतिग्रस्त हो गया है। जिस समय यह घटना हुई उस दौरान मकान में कोई भी परिवार का सदस्य मौजूद नहीं था। लिहाजा सभी सुरक्षित हैं। संबंधित पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने के साथ रिपोर्ट बना ली है। प्रभावित परिवार को 25 हजार की राहत राशि भी प्रदान कर दी है।
-चिराग शर्मा, एसडीएम, चंबा।