डॉक्टर ट्रैफिक जाम में फंसे रहे और घायल की चली गई जान, हिमाचल के चंबा मेडिकल कॉलेज में व्यक्ति की मौत पर बवाल
चंबा मेडिकल कॉलेज में एक मरीज की समय पर इलाज न मिलने से मौत हो गई, क्योंकि एनेस्थीसिया विशेषज्ञ मिंजर मेले के कारण लगे जाम में फंस गए थे। ...और पढ़ें

चंबा मेडिकल कॉलेज में घायल की मौत के बाद प्रदर्शन करते लोग। जागरण
HighLights
चंबा मेडिकल कॉलेज में मरीज की इलाज के अभाव में मौत।
मिंजर मेले के कारण डॉक्टर ट्रैफिक जाम में फंसे रहे।
गुस्साए परिजनों ने मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय मांगा।
जागरण संवाददाता, चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में समय पर उपचार न मिलने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। चंबा में इन दिनों मिंजर मेला चल रहा है, मेले के कारण एनेस्थीसिया विशेषज्ञ यातायात जाम में फंस गए और वह समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाए। इस बीच व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चुराह के 40 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए मेडिकल कॉलेज परिसर में हंगामा किया।
सीएम से मिलने पर अड़े लोग
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू भी चंबा के दौरे पर हैं। लोगों ने मेडिकल कॉलेज और सर्किट हाउस के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रदर्शनकारी मेडिकल कालेज से सर्किट हाउस तक रोष रैली निकालते हुए पहुंचे और धरने पर बैठ गए। वे विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले में न्याय की मांग पर अड़े रहे।
उचित उपचार न मिलने से मौत
मुस्लिम वेलफेयर समिति के अध्यक्ष लतीफ मोहम्मद ने बताया कि चुराह क्षेत्र का व्यक्ति ढांक से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसे तीसा अस्पताल से मेडिकल कालेज चंबा रेफर किया गया, लेकिन शाम करीब पांच बजे अस्पताल पहुंचने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं मिला, जिससे उसकी मौत हो गई।
क्या कहते हैं कॉलेज प्राचार्य
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. पंकज गुप्ता ने कहा कि मरीज के पहुंचते ही आपातकालीन कक्ष में हड्डी रोग विशेषज्ञ और सर्जरी विशेषज्ञ ने जांच की थी। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ जाम में फंस गई थीं, लेकिन उन्होंने वाहन छोड़कर पैदल अस्पताल पहुंचने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।