विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मणिमहेश यात्रा के दौरान छन्छो के पास बिगड़ी श्रद्धालु की तबीयत, अंबाला के मनमोहन सिंह की मौत

Published: Tue, 08 Sep 2026 09:53 PM (IST)

श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान धन्छो के पास अंबाला के 55 वर्षीय श्रद्धालु मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने से मौत ...और पढ़ें

मणिमहेश यात्रा के दौरान अंबाला के मनमोहन सिंह की मौत। फाइल फोटो

मणिमहेश यात्रा के दौरान अंबाला के मनमोहन सिंह की मौत। फाइल फोटो

HighLights

  1. मणिमहेश यात्रा में अंबाला के श्रद्धालु मनमोहन सिंह का निधन।

  2. धन्छो के पास अचानक तबीयत बिगड़ने से हुए बेसुध।

  3. अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही तोड़ दिया दम।

संवाद सहयोगी, भरमौर। उत्तर भारत की प्रसिद्ध श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान मंगलवार को धन्छो के समीप अचानक तबीयत बिगड़ने से हरियाणा के एक श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनमोहन सिंह (55 वर्ष) पुत्र शयो राम निवासी फतेहगढ़ जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मनमोहन सिंह अपने छह अन्य साथियों के साथ पवित्र मणिमहेश डल झील और कैलाश दर्शन के लिए निकले थे। मंगलवार को जब उनका जत्था हड़सर से आगे धन्छो नामक स्थान के पास पहुंचा, तो अचानक मनमोहन सिंह की तबीयत खराब हो गई और वह रास्ते में ही बेसुध होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

साथी यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत यात्रा मार्ग पर स्थापित नजदीकी स्वास्थ्य शिविर तक पहुंचाया। प्राथमिक जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों और साथियों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल भरमौर ले जाने का प्रयास किया।

हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही श्रद्धालु ने दम तोड़ दिया। सिविल अस्पताल भरमौर में तैनात चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भरमौर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। घटना की सूचना तुरंत मृतक के परिजनों को दे दी गई है, जिनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

धन्छो के पास हरियाणा के एक श्रद्धालु के अचानक बेसुध होने और अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ने का मामला सामने आया है। शव को भरमौर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है और स्वजनों को सूचित कर दिया गया है।

उच्च पर्वतीय व कठिन चढ़ाई वाले क्षेत्रों में आक्सीजन की कमी रहती है, इसलिए सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखें।

सांस फूलने, चक्कर आने या घबराहट जैसी कोई भी परेशानी महसूस होते ही तुरंत नजदीकी मेडिकल कैंप में जांच करवाएं और स्वास्थ्य सामान्य होने पर ही आगे बढ़ें।

- विजय कुमार सकलानी, पुलिस अधीक्षक चंबा।