हिमाचल: अवैध निर्माणों पर टीसीपी का शिकंजा, डलहौजी में दो होटलों व आरा मशीन के बिजली-पानी कनेक्शन कटे
डलहौजी में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग ने अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटलों और एक आरा मशीन के बिजली-पानी कनेक्शन काट दिए। ...और पढ़ें

अवैध निर्माणों पर टीसीपी का शिकंजा।
HighLights
टीसीपी ने डलहौजी में अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई शुरू की
दो होटलों और एक आरा मशीन के कनेक्शन काटे गए
विभाग का अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
संवाद सहयोगी, डलहौजी। पर्यटन नगरी डलहौजी में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।
विभाग द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत शहर के दो निजी होटलों तथा एक आरा मशीन का बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया गया, जबकि एक अन्य होटल संचालक ने विभागीय अधिकारियों को स्वयं अपने अवैध निर्माण को हटाने का भरोसा दिया है।
जानकारी के अनुसार टीसीपी विभाग ने संबंधित निर्माणकर्ताओं को कई माह पहले ही अवैध निर्माणों के संबंध में नोटिस जारी किए थे और निर्धारित समय के भीतर जवाब देने तथा नियमों के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद संबंधित पक्षों की ओर से न तो कोई जवाब दिया गया और न ही अवैध निर्माण हटाने की दिशा में कोई पहल की गई। इसके बाद विभाग ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई है।
कार्रवाई के दौरान नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग, जल शक्ति विभाग तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की संयुक्त टीम ने संबंधित प्रतिष्ठानों के बिजली एवं पानी के कनेक्शन काट दिए। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के योजना अधिकारी यवनेश्वर सिंह जरयाल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित मामलों में काफी समय पहले नोटिस जारी किए गए थे।
निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी जब नियमों का पालन नहीं किया गया तो विभाग ने कानून के तहत यह कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्थान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
उन्होंने भवन निर्माणकर्ताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विभाग से सभी आवश्यक स्वीकृतियां एवं अनुमति अवश्य प्राप्त करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही निर्माण करें। ऐसा करने से भविष्य में विभागीय कार्रवाई और अनावश्यक परेशानियों से बचा जा सकता है।
टीसीपी विभाग की इस कार्रवाई को पर्यटन नगरी में अनियोजित एवं अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध बिना किसी ढील के कार्रवाई जारी रहेगी।