यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal News: अनोखी पहल... वोट करो पेड़ पाओ, मतदान केंद्रों पर वन विभाग मतदाताओं को बांटेगा देवदार के पौधे
Himachal Pradesh News हिमाचल प्रदेश में एक जून को मतदान है। ऐसे में वन विभाग ने एक सराहनीय पहल की है। विभाग उस दिन पोलिंग बूथ पर मौजूद मतदाताओं को देव ...और पढ़ें

HighLights
- वोटिंग वाले दिन वन विभाग देगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- मतदान केंद्रों पर वन विभाग की टीम मतदाताओं को पौधे उपलब्ध करवाएगी
- सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त अधिकारी से मतदान के बाद पौधारोपण करवाया जाएगा
कृष्ण चंद राणा, पांगी। Himachal News: लोकसभा चुनाव में मतदान करने वाले लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। मतदान करने के साथ देवदार के पौधे भी रोपे जाएंगे। चंबा जिला के जनजातीय उपमंडल पांगी में निर्वाचन विभाग की ओर से यह पहल की गई है।
पांगी के हुडान भटोरी और पुर्थी को ग्रीन मतदान केंद्र बनाया गया है। पहली जून को इन मतदान केंद्रों पर वन विभाग की टीम मतदाताओं को पौधे उपलब्ध करवाएगी।
मतदाताओं की ओर से पौधारोपण किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने निर्णय लिया है कि सबसे पहले मतदान करने वाले व्यक्ति, 80 से 85 आयु वर्ग के मतदाता व सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त अधिकारी से मतदान के बाद पौधारोपण करवाया जाएगा।
हालांकि निर्वाचन विभाग के पास यह जानकारी नहीं है कि इन मतदान केंद्रों में कितने सेवानिवृत्त अधिकारी मतदान करेंगे। महालियत-12 मतदान केंद्र को पिंक मतदान केंद्र बनाया गया है। इसे महिला कर्मी संचालित करेंगी।
यहां पुलिस कर्मचारियों को छोड़कर अन्य अधिकारी व कर्मचारी पंगवाली वेशभूषा में ड्यूटी देंगे। इससे महिलाओं का मत प्रतिशत बढ़ाने का प्रयास रहेगा। स्थानीय वेशभूषा और संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, महालियत-11 मतदान केंद्र को आदर्श मतदान केंद्र बनाया जाएगा।
पांगी में इस बार दो मतदान केंद्रों को ग्रीन मतदान केंद्र के तौर पर स्थापित किया गया है। एक मतदान केंद्र का संचालन महिला कर्मचारी करेंगी। एक आदर्श मतदान केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां कर ली गई हैं।
-रमन घरसंघी, सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी पांगी।