Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Himachal News: अचानक सड़क धंसने से फंस गई HRTC बस, नीचे थी 150 फीट गहरी खाई; यात्रियों में मची चीखो पुकार

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 01 Feb 2026 03:28 PM (IST)

    Himachal Pradesh News, चंबा-तीसा मार्ग पर सरेला के पास सड़क धंसने से एचआरटीसी की एक बस 150 फीट गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बची। बस में 15 यात्री सवा ...और पढ़ें

    HighLights

    1. चंबा में एचआरटीसी बस खाई में गिरने से बची।

    2. सरेला के पास सड़क धंसने से हुआ हादसा।

    3. चालक की सूझबूझ से 15 यात्रियों की जान बची।

    संवाद सहयोगी, नकरोड़ (चंबा)। हिमाचल प्रदेश के चंबा में एचआरटीसी बस गहरी खाई के पास फंस गई। बस में 15 यात्री सवार थे, जिनकी जान हलक में आ गई। चंबा-तीसा मुख्य सड़क पर सरेला नामक स्थान पर सड़क धंसने के कारण सवारियों से भरी एचआरटीसी बस गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बच गई।

    इस घटना के दौरान बस का पिछला टायर धंसी हुई सड़क के मलबे में फंस गया, जिससे सवारियों की सांसें अटक गईं। 

    अचानक धंस गई सड़क, चालक ने दिखाई समझदारी

    जानकारी के अनुसार, सनवाल से एचआरटीसी बस सुबह 5:00 बजे पठानकोट रूट के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 7:00 बजे जब बस सरेला के पास पहुंची, तो अचानक सड़क का एक हिस्सा नीचे की ओर धंस गया। चालक ने सूझ-बूझ दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाई और बस को स्थिर किया। उस समय बस में करीब 15 सवारियां मौजूद थीं, जो अचानक लगे झटके और बस के झुकने से बुरी तरह घबरा गईं।

    सवा घंटे तक लगा ट्रैफिक जाम

    चालक ने तुरंत सभी सवारियों को सुरक्षित नीचे उतारा। सड़क धंसने के कारण बस बीच रास्ते में ऐसी फंसी कि मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब सवा घंटे तक चंबा-तीसा मार्ग पूरी तरह जाम रहा।

    ट्रैक्टर से खींचकर निकाली बस

    बाद में स्थानीय लोगों की मदद से एक ट्रैक्टर को मौके पर बुलाया गया। कड़ी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद ट्रैक्टर के माध्यम से बस को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका। 

    खबरें और भी

    नीचे थी 150 फीट गहरी खाई

    ग्रामीणों का कहना है कि सरेला नामक यह स्थान वाहनों की आवाजाही के लिए किसी काल से कम नहीं है। विशेषकर बारिश या बर्फबारी के दौरान यहां भूस्खलन होना आम बात है। शनिवार को भी यदि सड़क कुछ इंच और धंस जाती, तो बस सीधे 150 फीट गहरी खाई में गिर सकती थी, जिससे एक बड़ी मानवीय त्रासदी हो सकती थी। ऐसे में लोगों ने उक्त स्थान को सुरक्षित बनाने को लेकर प्रशासन व सरकार से मांग की है। 

    वहीं, क्षेत्र में खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए प्रशासन ने चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है, विशेषकर उन क्षेत्रों में जहां सड़कें कच्ची या भूस्खलन संभावित हैं।

    क्या कहते हैं अधिकारी

    लोक निर्माण विभाग तीसा का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे अधिशाषी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने कहा कि उक्त स्थान को सुरक्षित बनाने को लेकर विभाग की ओर से कार्य किया जाएगा। जब तक उक्त स्थान की हालत नहीं सुधरती है, तब तक वाहन चालक पूरी सतर्कता के साथ वाहन निकालें।

    यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश में डॉक्टर को ब्लैकमेल कर मांगे 20 लाख रुपये, इंटरनेट मीडिया पर दुष्प्रचार से जुड़ा है मामला