Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किश्तवाड़ से तीन आतंकी भागने के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट, चंबा का 216 किलोमीटर क्षेत्र लगता है जम्मू-कश्मीर से

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Tue, 20 Jan 2026 03:24 PM (IST)

    जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित किया गया है, खासकर चंबा जिले में। तीन आतंकियों के भागने की सूचना पर ...और पढ़ें

    किश्तवाड़ में आतंकी हमले के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट है। प्रतीकात्मक फोटो

    किश्तवाड़ में आतंकी हमले के बाद हिमाचल में हाई अलर्ट है। प्रतीकात्मक फोटो

    HighLights

    1. किश्तवाड़ हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में हाई अलर्ट जारी।

    2. चंबा की जम्मू-कश्मीर से सटी 216 किमी सीमा सील।

    3. फरार आतंकियों की तलाश में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क।

    संवाद सहयोगी, सलूणी (चंबा)। जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले के बाद हिमाचल प्रदेश में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। खासतौर पर चंबा जिला में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हो गई हैं। किश्तवाड़ से तीन आतंकियों के भागने की सूचना के बाद सभी एजेंसियां व पुलिस अलर्ट हैं। 

    हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है। हमले के बाद चंबा जिला पूरी तरह सुरक्षा घेरे में आ गया है। जम्मू-कश्मीर से सटी सभी सीमा को सील कर दिया गया है और हर रास्ते पर सख्त पहरा बैठा दिया गया है।

    डोडा-किश्तवाड़ से आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है, जबकि पुलिस और सुरक्षा बल पल-पल की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। फरार आतंकियों की तलाश के बीच चंबा में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और प्रशासन किसी भी खतरे से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। 

    सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। 

    चंबा की 216 किलोमीटर सीमा लगती है जम्मू-कश्मीर से

    चंबा जिला की करीब 216 किलोमीटर लंबी अंतरराज्यीय सीमा जम्मू-कश्मीर के संवेदनशील जिलों डोडा और कठुआ से लगती है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की चूक नहीं करना चाहतीं। डोडा-किश्तवाड़ होते हुए जम्मू से चंबा की ओर आने वाले प्रत्येक वाहन की सघन जांच की जा रही है। वाहनों के दस्तावेजों के साथ-साथ यात्रियों की पहचान भी बारीकी से जांची जा रही है। 

    सेना और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

    गत दिवस किश्तवाड़ में हुए आतंकी हमले के बाद तीन आतंकियों के फरार होने की सूचना से पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सेना और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां उनकी तलाश में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। इसी कड़ी में चंबा पुलिस ने भी सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी और पेट्रोलिंग तेज कर दी है।

    क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक

    चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि किश्तवाड़ की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिले की सभी सीमाओं को सील करने और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीमाओं पर तैनात जवानों को आदेश हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या वाहन की तुरंत सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाए।

    खबरें और भी

    अफवाहों पर ध्यान न दें लोग, संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस को करें सूचित

    आम जनता से भी अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि चंबा जिला पूरी तरह सुरक्षित रहे।

     

    यह भी पढ़ें: हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार के साथ होगा फेरबदल, CM सुक्खू ने मनाली में दिया बड़ा बयान; किसे मिलेगी कुर्सी?