चंबा से कुगती जा रही HRTC बस पहाड़ी से गिरी चट्टान की चपेट में आई, नीचे थी गहरी खाई
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश के बीच एचआरटीसी की एक बस भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बची। कुगती से चंबा जा रही बस सांदी नामक स्थान पर ...और पढ़ें
HighLights
एचआरटीसी बस भूस्खलन की चपेट में आने से बची।
क्रैश बैरियर ने बस को गहरी खाई में गिरने से रोका।
बस में कोई यात्री नहीं था, बड़ा हादसा टला।
संवाद सहयोगी, भरमौर (चंबा)। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही है। जिला चंबा में मंगलवार को पुल टूटने के बाद बुधवार को एचआरटीसी की बस पहाड़ से गिरी चट्टान की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बच गई। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस कुगती से चंबा रूट पर जा रही थी।
घटना सुबह करीब 09:30 बजे सांदी नामक स्थान पर हुई, जब अचानक एक चट्टान लुढ़ककर बस के पिछले टायर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से खिसककर किनारे पर जा पहुंची।
क्रैश बैरियर न होते तो तय था नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस कुछ पल के लिए नियंत्रण से बाहर हो गई थी और गहरे नाले की दिशा में बढ़ने लगी। हालांकि, क्रैश बैरियर ने बस को रोक लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। यदि क्रैश बैरियर न होता, तो बस के गहरी खाई में गिरने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता था।
चालक ने बरती सूझबूझ
गनीमत यह रही कि घटना के समय बस में कोई भी सवारी मौजूद नहीं थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की, जिससे नुकसान सीमित रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन को किया सूचित
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रशासन को इसकी सूचना दी। पहाड़ी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं, खासकर बारिश और भूस्खलन के दौरान, जिससे यातायात पर खतरा बना रहता है।
प्रशासन से मांग की जा रही है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
खबरें और भी
कार्तिक स्वामी मंदिर के खुलेंगे कपाट
कुगती में स्थित प्रसिद्ध कार्तिक स्वामी मंदिर के कपाट 14 अप्रैल से खुल रहे हैं, ऐसे में आने वाले दिनों में यहां हजारों भक्त पहुंचेंगे। इस बीच सड़क पर भूस्खलन ने चिंता बढ़ा दी है।