मणिमहेश यात्रा पर NHAI का मेगा एक्शन प्लान: 10 संवेदनशील जगह पर 24 घंटे मशीनरी रहेगी तैनात; पेट्रोलिंग भी होगी
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मणिमहेश यात्रा के लिए चंबा-भरमौर मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने हेतु व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है।

मणिमहेश यात्रा के लिए एनएचएआई ने चंबा-भरमौर एनएच के लिए मेगा एक्शन प्लान बनाया है।
HighLights
चंबा-भरमौर मार्ग पर 10 संवेदनशील स्थान चिह्नित।
24 घंटे मशीनरी, स्टाफ, एंबुलेंस तैनात रहेगी।
हेलीटैक्सी सेवा और स्लॉट आधारित यात्रा व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, चंबा। उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने व्यापक एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। चंबा से भरमौर तक करीब 65 किलोमीटर लंबे मार्ग पर एनएचएआई ने 10 ऐसे स्थान चिह्नित किए हैं, जिन्हें भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने की दृष्टि से अति संवेदनशील माना गया है।
इन स्थानों पर यात्रा के दौरान 24 घंटे विशेष निगरानी रखी जाएगी। एनएचएआइ के एक्शन प्लान के तहत इन अति संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और एलएनटी मशीनों के साथ तीन से चार कर्मचारी तथा एक फ्लैगमैन चौबीसों घंटे तैनात रहेगा।
30 मशीनरी होंगी तैनात
किसी भी स्थान पर पहाड़ी से मलबा गिरने, सड़क अवरुद्ध होने या यातायात प्रभावित होने की स्थिति में मशीनरी को तत्काल मौके पर भेजकर मार्ग बहाल किया जाएगा। पूरे चंबा-भरमौर मार्ग को सुरक्षित रखने के लिए कुल 18 जेसीबी और 12 एलएनटी मशीनें तैनात की जाएंगी।
एंबुलेंस होंगी तैनात, पेट्रोलिंग वाहन करेंगे निगरानी
इसके अलावा आपात स्थिति में यात्रियों और श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए दो एंबुलेंस तथा मार्ग की लगातार निगरानी के लिए दो पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात रहेंगे। इससे यात्रा के दौरान किसी भी आपदा या सड़क बाधित होने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सकेगा।
एनएचएआइ की भारी मशीनरी, चिकित्सा सेवाएं, पेट्रोलिंग व्यवस्था और प्रशासन की स्लॉट आधारित यात्रा व्यवस्था से इस बार मणिमहेश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की तैयारी है। यानी पहाड़ से मलबा गिरे या सड़क बंद हो श्रद्धालुओं की राह खोलने के लिए एनएचएआइ की मशीनरी 24 घंटे मोर्चे पर तैयार रहेगी।
हेलीकॉप्टर सेवा भी तैयार
मणिमहेश यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हेलीटैक्सी सेवा भी इस बार महत्वपूर्ण सुविधा रहेगी। हेलीटैक्सी की ऑनलाइन बुकिंग 21 अगस्त से शुरू हो गई है, जबकि 25 अगस्त से हेली टैक्सी सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। इससे समय की कमी वाले श्रद्धालुओं को मणिमहेश पहुंचने में सुविधा मिलेगी। इस बार मणिमहेश की आधिकारिक यात्रा 4 सितंबर से 19 सितंबर तक चलेगी।
यात्रा के लिए पंजीकरण
यात्रा के लिए प्रशासन ने पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन और आपदा की स्थिति में त्वरित बचाव व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को स्लॉट के हिसाब से यात्रा करवाने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य एक समय में अत्यधिक भीड़ को संवेदनशील क्षेत्रों में एकत्र होने से रोकना और किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव अभियान को आसानी से संचालित करना है।
मणिमहेश यात्रा को देखते हुए चंबा-भरमौर मार्ग पर विशेष तैयारियां की गई हैं। 10 अति संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे मशीनरी और कर्मचारी तैनात रहेंगे। पूरे मार्ग पर 18 जेसीबी, 12 एलएनटी, दो एंबुलेंस और दो पेट्रोलिंग वाहन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तैयार रहेंगे।
-राहुल कुमार, परियोजना निदेशक, एनएचएआई।
यह भी पढ़ें: मणिमहेश यात्रा: इस बार 4 हेलीकॉप्टर भरेंगे उड़ान, ऑनलाइन बुकिंग शुरू; कब से मिलेंगी हेली टैक्सी सेवाएं?
