मणिमहेश यात्रा: ऑनलाइन पंजीकरण के लिए वेबसाइट लॉन्च, श्रद्धालुओं को ये 2 दस्तावेज रखने होंगे साथ
भरमौर प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा-2026 के लिए आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की है, जिससे श्रद्धालु घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे और यात्रा संबंधी जानकारी प् ...और पढ़ें

मणिमहेश यात्रा पंजीकरण के लिए वेबससाइट लाॅन्च कर दी गई है।
संवाद सहयोगी, भरमौर (चंबा)। उत्तर भारत की प्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा में देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भरमौर प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रशासन की ओर से श्री मणिमहेश यात्रा-2026 की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च कर दी गई है। अब श्रद्धालु इस आधिकारिक डिजिटल प्लेटफार्म https://manimaheshyatra.hp.gov.in/ के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण करवाने के साथ-साथ यात्रा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था प्रारंभ होने से श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली है। भरमौर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रूप से पूरा करें।
श्रद्धालुओं को इन बातों का रखना होगा विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान अपना पंजीकरण प्रमाण-पत्र और वैध फोटो पहचान-पत्र हमेशा अपने साथ रखना होगा। बदलते मौसम एवं दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गर्म कपड़े, रेनकोट, ट्रैकिंग जूते, टार्च और आवश्यक दवाइयां भी साथ रखनी होंगी। प्रशासन की ओर से निर्धारित यात्रा मार्ग, सुरक्षा निर्देशों तथा मौसम विभाग द्वारा समय-समय पर जारी चेतावनियों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और आपात स्थिति में सहयोग की अपील की गई है।
यात्रा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी
इसके अलावा, वेबसाइट पर उपलब्ध यात्रा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का ध्यानपूर्वक अध्ययन भी करें। आधिकारिक वेबसाइट पर यात्रा पंजीकरण के अतिरिक्त यात्रा से संबंधित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश, सुरक्षा एडवाइजरी तथा आवश्यक सूचनाएं एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि श्रद्धालु यात्रा पर निकलने से पहले अपनी बेहतर तैयारी कर सकें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्री मणिमहेश यात्रा एक कठिन पर्वतीय यात्रा है, इसलिए सभी श्रद्धालु अपनी स्वास्थ्य स्थिति का विशेष ध्यान रखें और यात्रा से पूर्व स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य करवाएं।
क्या कहते हैं एडीएम
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विकास शर्मा ने आश्वस्त किया कि भरमौर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर यात्रा अनुभव के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा मार्ग एवं पवित्र मणिमहेश धाम की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन, पुलिस एवं आपदा प्रबंधन दल के निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया।