हिमाचल के चंबा में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में कार गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत
चंबा जिले में पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहाड़ के पास एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। ...और पढ़ें
HighLights
पठानकोट-भरमौर राजमार्ग पर लाहाड़ के पास कार खाई में गिरी।
एक वर्षीय मासूम समेत एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत।
भारी बारिश के कारण बचाव कार्य में हुई परेशानी।
संवाद सहयोगी, डलहौजी। चंबा जिले में सोमवार देर रात पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहाड़ गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में एक वर्षीय मासूम सहित पांच लोगों की मौत हो गई।
चंडीगढ़ से बच्चे का उपचार करवाकर घर लौट रहा परिवार रास्ते में दुर्घटना का शिकार हो गया। कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।
लगातार हो रही भारी बारिश तथा बनीखेत के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने के कारण राहत एवं बचाव दल को मौके तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य पूरा किया गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में मृतकों की पहचान बचन सिंह पुत्र नारायण सिंह, निवासी गेहरा, जो पेशे से चालक थे, उनके पुत्र रिपन कुमार पुत्र बचन सिंह, जो हिमाचल प्रदेश पुलिस की द्वितीय भारतीय रिजर्व बटालियन (सेकेंड आईआरबीएन), सकोह में तैनात थे, पुत्रवधू रिम्पी पत्नी रिपन कुमार, कीर्ति पुत्री केसर सिंह तथा एक वर्षीय मासूम बच्चे के रूप में हुई है।
परिवार चंडीगढ़ से मासूम का उपचार करवाकर अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। कीर्ति बचन सिंह के सगे भाई की बेटी है जो चंडीगढ़ में पढ़ाई करती थी।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे चंबा जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही पल में परिवार की पांच जिंदगियां बुझ जाने से क्षेत्र में मातम का माहौल है।
खबरें और भी
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने कहा कि लाहाड़ क्षेत्र में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। इस हादसे में पांच लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। पुलिस एवं प्रशासन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।