CM सर... मां 700 KM दूर नौकरी कर रहीं, घर के पास ले आएं; मुख्यमंत्री सुक्खू ने 24 घंटे में कर दिए ट्रांसफर ऑर्डर
पांचवीं कक्षा की वंशिका की भावुक अपील पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने उसकी मां का तबादला 24 घंटे में शिमला से ...और पढ़ें

चंबा के देहग्रां में स्कूली छात्रा से बात करते सीएम सुक्खू। जागरण
HighLights
वंशिका ने मुख्यमंत्री से मां को घर के पास बुलाने की अपील की।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने 24 घंटे में शिक्षिका का तबादला करवा दिया।
शिक्षिका नरो देवी अब शिमला से चंबा स्थानांतरित की गईं।
संवाद सहयोगी, तीसा (चंबा)। मां से मिलने की तड़प और परिवार के साथ रहने की इच्छा ने पांचवीं कक्षा की वंशिका को भावुक कर दिया। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को सामने देखकर वह अपने आंसू नहीं रोक पाई। मुख्यमंत्री से लिपटकर फूट-फूटकर रोते हुए बोली, सर... मेरी मां 700 से ज्यादा किलोमीटर दूर नौकरी कर रही हैं। कृपया उन्हें घर के नजदीक तैनात करवा दीजिए।
बच्ची की यह फरियाद सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे गले लगाया और प्यार से पूरी बात सुनी। यह भावुक दृश्य चुराह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बैरागढ़ के देहग्रां में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला।
24 घंटे में हुआ तबादला
सीएम सुक्खू ने बच्ची की मांग को 24 घंटे के अंदर पूरा कर दिया। सीएम ने बच्ची की मां शिमला के नेरवा से चंबा ट्रांसफर करने का आदेश जारी करवा दिया है।
नेरवा में तैनात थीं शिक्षिका
वंशिका ने बताया कि उसकी माता नरो देवी शिमला जिले के शिक्षा खंड नेरवा की राजकीय प्राथमिक पाठशाला सोवल में जेबीटी के पद पर दो वर्षों से सेवाएं दे रही थीं। बच्ची के पिता गिरीश कुमार किसान हैं। वह और उसका भाई पिता के साथ घर पर रहते हैं।
बच्ची की बातें सुन सीएम ने लगाया गले
वंशिका ने बताया कि वह जवाहर नवोदय विद्यालय में पढ़ना चाहती है। इसके लिए उसे जिले के स्कूल में पढ़ाई करनी जरूरी है। इसी कारण परिवार को मां से दूर रहना पड़ रहा है। वंशिका की बातें सुन मुख्यमंत्री ने उसे दोबारा गले लगाया।
सीएम ने दिया था आश्वासन
सीएम सुक्खू ने आश्वासन दिया था कि उसकी माता की तैनाती घर के नजदीक करवाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नरो देवी को भी बुलाकर उनसे पूरी जानकारी हासिल की। इसके बाद सीएम के निर्देश पर वीरवार शाम को तबादला आदेश जारी कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।