यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
चामुंडा से वृंदावन जा रही HRTC की बस पर पथराव, बाइक सवारों ने किया हमला; बाल-बाल बचीं सवारियां
श्री चामुंडा जी से वृंदावन जा रही HRTC की बस पर भानुपल्ली के पास पथराव हुआ जिससे शीशे टूट गए। मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने घटना को अंजाम दिया। चालक न ...और पढ़ें

जागरण टीम, धर्मशाला। श्री चामुंडा जी से वृंदावन रूट पर पहली बार जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की हिमधारा एसी बस पर भानुपल्ली के पास पथराव कर शीशे तोड़ दिए गए। बस पर पथराव करने वाले तीन युवक मोटरसाइकिल पर सवार थे।
घटना बुधवार रात करीब 11.05 बजे की है। शीशे पर पत्थर लगते ही चालक राजेश कुमार ने बस रोकी लेकिन तब तक मोटरसाइकिल सवार भाग चुके थे। कंडक्टर ध्यान सिंह ने घटना की सूचना नगरोटा बगवां डिपो में दी। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए बस के अगले शीशे पर टेप लगाई।
चालक राजेश कुमार और कंडक्टर ध्यान सिंह ने बताया कि श्री चामुंडा जी से करीब साढ़े तीन बजे बस रवाना हुई थी। नंगल होते हुए बस जब भानुपल्ली के पास पहुंची तो मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक, जिनमें एक ने दस्तार पहन रखी थी ने बस के अगले शीशे पर पथराव कर दिया।
बस में सवार थीं 12 सवारियां
बस पहली बार वृंदावन रूट पर जा रही थी और मात्र 12 ही सवारियां थीं। बस पर पथराव से कोई हताहत नहीं हुआ है पर चालक के हाथ पर मामूली चोट लगी है। रूपनगर के एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने कहा कि आनंदपुर साहिब व नंगल थाने की पुलिस जांच में जुट गई है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
खबरें और भी
इससे पहले भी एचआरटीसी की बसों के साथ तोड़फोड़ की गई है। मामला पंजाब सरकार के समक्ष रखा जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम प्रतिबद्ध है।
-अजय वर्मा, उपाध्यक्ष हिमाचल पथ परिवहन निगम।
पंजाब में HRTC की बसों से तोड़फोड़ के मामले
18 मार्च: चंडीगढ़ से हमीरपुर जा रही बस पर खरड़ फ्लाईओवर के पास बिना नंबर मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने रॉड और डंडों से हमला किया था।
21 मार्चः अमृतसर बस अड्डे पर खड़ी चार बसों के शीशों को तोड़ दिया था। इसी दौरान होशियारपुर में कई बसों पर भिंडरावांले की तस्वीरें चिपका दी गई थीं। सरहिंद के पास चंबा-दिल्ली बस के शीशे तोड़े थे।
पुलिस थाना आनंदपुर साहिब में अज्ञात लोगों के विरुद्ध शिकायत दर्ज करवाई है। बस में सवार चालक व परिचालक सहित किसी भी सवारी को चोट नहीं पहुंची है। बस निर्धारित समय पर वृंदावन पहुंच गई है।
-पंकज चड्डा, मंडलीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम।