विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Ind vs Afg ODI: धर्मशाला में बारिश थमते ही फैन्स के चेहरों पर रौनक, रेनकोट पहनकर पहुंच गए थे स्टेडियम; 25 ओवर का मैच होगा

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 13 Jun 2026 11:55 AM (IST)Updated: Sat, 13 Jun 2026 05:21 PM (IST)

धर्मशाला में भारत-अफगानिस्तान वनडे मैच पर बारिश का साया रहा, जिसके कारण मैच 25-25 ओवर का कर दिया गया। HPCA ...और पढ़ें

धर्मशाला स्टेडियम में रिमझिम बारिश के बीच पहुंचे दर्शक। जागरण

धर्मशाला स्टेडियम में रिमझिम बारिश के बीच पहुंचे दर्शक। जागरण

HighLights

  1. बारिश से प्रभावित भारत-अफगानिस्तान वनडे मैच, 25 ओवर का हुआ।

  2. HPCA के आधुनिक सब-एयर सिस्टम ने मैदान जल्दी सुखाया।

  3. मैच से पहले अनुराग ठाकुर ने इंद्रुनाग देवता की पूजा की।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार को धर्मशाला में होने वाले एक दिवसीय क्रिकेट मैच पर वर्षा का साया रहा। धर्मशाला में रातभर भारी बारिश के बाद सुबह से शाम तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। बारिश के बीच क्रिकेट प्रेमी रेनकोट पहनकर व छाता लेकर स्टेडियम में पहुंचे। बारिश के कारण डेढ़ बजे मैच शुरू नहीं हो पाया।

शाम को बारिश थमने पर तय हुआ कि 25-25 ओवर का मैच होगा। 5:15 बजे टॉस हुआ। भारत ने टॉस जीतकर फील्डिंग करने का फैसला लिया। 

धौलाधार पर बर्फबारी से मौसम सुहावना

धौलाधार की चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और गर्मी के थपेड़ों से भी निजात मिली है। मौसम सुहावना हो गया है। कई लोग गरम कपड़े पहने भी दिखे।

Ind vs Afg Match Dshala

20 मिनट में ग्राउंड ड्राई

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में बारिश के पानी को मात्र 15 से 20 मिनट में सुखाने और बाहर निकालने वाली आधुनिक मशीनों और ड्रेनेज तकनीक का इस्तेमाल किया है। सब-एयर सिस्टम, यह अत्यधिक उन्नत तकनीक आउटफील्ड (मैदान की घास) में जमा हुए पानी को एयर प्रेशर (हवा के दबाव) की मदद से कुछ ही मिनटों में सोख लेती है। स्टेडियम की पूरी आउटफील्ड को अपग्रेड किया गया है, जिसके लिए मैदान के नीचे छिद्रयुक्त (छोटे छेदों वाली) पाइपों का जाल बिछाया गया है और जियो सिंथेटिक शीट का उपयोग किया गया है, ताकि रेत और मिट्टी आपस में न मिलें और पानी तेजी से बह जाए।

Ind vs Afg Match

धर्मशाला में बारिश के बीच रेनकोट पहनकर स्टेडियम की तरफ जाते दर्शक। जागरण

अनुराग ठाकुर ने की थी भगवान इंद्रुनाग की पूजा

शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ भगवान इंद्रुनाग के दरबार पहुंचे। उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना कर मैच के सफल आयोजन के लिए भगवान से प्रार्थना की। भगवान इंद्रुनाग को वर्षा का देवता माना जाता है। धर्मशाला में होने वाले हर मैच से पहले एचपीसीए के पदाधिकारी वर्षा न होने की कामना कर इंद्रुनाग की पूजा करते हैं।

Ind vs Afg Match 1

धर्मशाला में क्रिकेट प्रेमियों के उमड़ने से कचहरी चौक के पास लगा जाम। जागरण 

 

विश्वकप 2027 से पहले इस मैच को महत्वपूर्ण मान रहा अफगानिस्तान 

धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत व अफगानिस्तान की टीमों के बीच महत्वपूर्ण मैच आज खेला जाएगा। विश्व कप 2027 से पहले भारत दौरे पर आई अफगानिस्तान की टीम इस दौरे को अपने आगामी क्रिकेट भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण मान रही है और धर्मशाला में हो रहे वनडे इंटरनेशनल मैच से टीम को अपनी अच्छाइयां व खेल की कमियां देखने का अवसर मिलेगा।

वहीं भारतीय टीम के प्रबंधक आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए नए हुनर को तलाश रहे हैं। इस लिए दोनों ही टीमों के लिए यह मैच महत्वपूर्ण है। धर्मशाला में इन दिनों क्रिकेट का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है। लोगों में क्रिकेट को लेकर काफी उत्साह है। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में भारत व अफगानिस्तान की टीमों ने शुक्रवार को अभ्यास किया। 

धर्मशाला में हुए आईपीएल के चार मैच

गौरतलब है कि धर्मशाला में इस बार आइपीएल के तीन लीग मुकाबले और पहला क्वालीफायर मैच हुआ था। अब एक और अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय मुकाबला है। धौलाधार की वादियों के बीच स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को अपनी प्राकृतिक सुंदरता और विश्वस्तरीय सुविधाओं के लिए जाना जाता है।

 

यह भी पढ़ें: Ind vs Afg वनडे मैच के लिए धर्मशाला पहुंची भारतीय टीम, एयरपोर्ट पर रोहित शर्मा की ओर दौड़ा प्रशंसक