कांगड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी, 10 महीने पहले चोरी हुई बाइक बरामद; हमीरपुर में चेकिंग के दौरान धरे गए दो आरोपी
कांगड़ा पुलिस ने दस माह पहले चोरी हुई एक मोटरसाइकिल को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
-1783500143998_m.webp)
कांगड़ा पुलिस की बड़ी कामयाबी (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। करीब दस माह पहले चोरी हुई मोटरसाइकिल को बरामद करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार 17 सितंबर 2025 को पुलिस थाना पालमपुर में शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल (एचपी-37बी-9586) चोरी होने के संबंध में मामला दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। मामले में उस समय अहम सफलता मिली जब छह जुलाई 2026 को पुलिस थाना सुजानपुर, जिला हमीरपुर की टीम नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसके इंजन और चेसिस नंबर का सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि यह वही मोटरसाइकिल है, जो पालमपुर थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
इसके बाद पुलिस थाना सुजानपुर ने बरामद मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को पुलिस थाना पालमपुर के हवाले कर दिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय दिनेश कुमार निवासी गांव मझोग सुल्तानी, जिला हमीरपुर तथा 23 वर्षीय ऋषु कुमार निवासी गांव स्वाल, तहसील सुजानपुर, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ के बाद उन्हें इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। चोरी की मोटरसाइकिल भी सफलतापूर्वक बरामद कर ली गई है। जिला पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस चोरी में अन्य कौन कौन लोग शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में संलिप्त सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।