'लड़ाई हमने लड़ी, तो श्रेय भी हमारा', किशाऊ बांध परियोजना को लेकर बोले CM सुक्खू; अनुराग ठाकुर और जयराम को घेरा
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किशाऊ बांध परियोजना का श्रेय अपनी सरकार को दिया और भाजपा नेताओं अनुराग ठाकुर व जयराम ठाकुर पर तीखा हमला किया।

अनुराग ठाकुर, सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू और जयराम ठाकुर (फाइल फोटो)
HighLights
सीएम सुक्खू ने किशाऊ बांध परियोजना का श्रेय अपनी सरकार को दिया
भाजपा नेताओं अनुराग ठाकुर और जयराम ठाकुर पर तीखा हमला किया
हिमाचल को परियोजना से 1500 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जब तक वह मुख्यमंत्री हैं, जनता के हक की लड़ाई जारी रखेंगे। किशाऊ बांध परियोजना के लिए लड़ाई हमने लड़ी है, इसलिए श्रेय हमें ही मिलेगा।
वीरवार को अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन के रैल में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं अनुराग सिंह ठाकुर और जयराम ठाकुर पर तीखा हमला किया।
सीएम ने कहा कि भाजपा नेताओं को उत्तराखंड से उसकी पीड़ा के बारे में पूछना चाहिए। किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल प्रदेश को बिना अतिरिक्त निवेश के लगभग 1,500 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा, जबकि उत्तराखंड को इतनी ही आय अर्जित करने के लिए लगभग 3,000 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में परियोजना की लागत 800 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,000 से 5,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। कांग्रेस सरकार बनने के बाद इस परियोजना को लेकर तीन महत्वपूर्ण बैठकें हुईं, जिससे हिमाचल के हित सुरक्षित रहे।
जेएसडब्ल्यू कंपनी को 150 करोड़ की अतिरिक्त आय
उन्होंने बताया कि वाइल्ड फ्लावर हाल के मामले में राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में जीत हासिल की है, जिससे प्रदेश के खजाने में 401 करोड़ रुपये आए हैं। इसके अलावा, जेएसडब्ल्यू कंपनी से 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हो रही है। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए भी कदम उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के समय चिकित्सा महाविद्यालयों में स्टाफ की कमी थी, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे 60 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है।
सांसद अनुराग ठाकुर से मांगा 20 साल का हिसाब
मुख्यमंत्री ने किशाऊ बांध परियोजना के मामले में सांसद अनुराग सिंह ठाकुर पर निशाना साधा। कहा कि अनुराग को इस प्रोजेक्ट के मामले में अपने ज्ञान में वृद्धि कर लेनी चाहिए।
अनुराग 20 साल से हमीरपुर के सांसद हैं, इतने साल में उन्होंने हमीरपुर की जनता के लिए क्या किया। आखिरकार लोग भाजपा को क्यों वोट डालते हैं, यह समझ से परे है।
पूरा प्रोजेक्ट उत्तराखंड और केंद्र सरकार बनाकर देगी। हिमाचल को इस प्रोजेक्ट से पांच साल बाद 1200 करोड रुपये मिलेंगे जो हिमाचल के विकास पर खर्च होंगे। अनुराग ठाकुर इसके लिए कभी भी उनको धन्यवाद नहीं देंगे। भाजपा नेताओं की जुबान परवाणू से आगे जाकर केंद्र पर कुछ भी बोलने को लेकर बंद हो जाती है।
