हिमाचल में जाली नोटों के साथ पंजाब के 2 लोग गिरफ्तार, बुजुर्ग की शिकायत पर आए पकड़ में; आखिर कहां से लाए फेक करेंसी?
हमीरपुर पुलिस ने जाली नोटों से ठगी करने वाले पंजाब के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। एक 74 वर्षीय ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश में फेक करेंसी के साथ पंजाब के दो लोग गिरफ्तार। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हमीरपुर पुलिस ने जाली नोटों के साथ दो आरोपित पकड़े।
पंजाब के निवासी, बुजुर्ग दुकानदार से की थी ठगी।
500 और 200 रुपये के जाली नोट बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर पुलिस ने जाली नोटों के माध्यम से ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है दोनों आरोपित पंजाब के रहने वाले हैं। ये जाली नोट कहां से लेकर आए थे, पुलिस इसकी पड़ताल में जुट गई है।
यह कार्रवाई हमीरपुर के लोहारड़ा बाईपास मार्ग पर 74 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार की ओर से दर्ज कराई शिकायत के आधार पर की गई है। आरोपितों ने नौ अप्रैल को झांसा देकर पांच रुपये के असली नोटों के बदले दो सौ रुपये के जाली नोट थमाकर ठगी की थी।
इस तरह आए पकड़ में
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी (आइटीएमएस) और बैंक रिकार्ड के विश्लेषण के बाद अपराध में प्रयुक्त वाहन की पहचान की। आरोपितों को पुलिस ने शुक्रवार को बैहनाजटां के पास एक अन्य वाहन में मनाली की ओर जाते समय धर दबोचा।
500 और 200 रुपये के जाली नोट बरामद
तलाशी के दौरान आरोपितों के कब्जे से 500 रुपये के 16 जाली नोट और 200 रुपये के 33 जाली नोट बरामद किए गए हैं। हमीरपुर के बाद शातिर अन्य जगह नोट ठिकाने लगाने की फिराक में थे।
कुछ दिन से घूम रहे थे हिमाचल में
हमीरपुर पुलिस टीम की अब तक की जांच से यह पता चला है कि आरोपित कुछ दिन से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में घूम रहे थे। अंदेशा है कि उन्होंने अन्य स्थानों पर भी छोटे दुकानदारों और बुजुर्गों को अपनी ठगी का निशाना बनाया है।
क्या कहते हैं एसपी हमीरपुर
पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलबीर सिंह ने आम जनता, विशेषकर छोटे व्यापारियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के कुल्लू में कार पर गिरी चट्टान, पलक झपकते ही चकनाचूर हो गया वाहन; ड्राइवर खतरा भांप निकलने में रहा सफल
