विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सेना के लिए ड्रोन बनाने वाले छात्र सर्वेश के साथ हादसा, हमीरपुर में हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरा; हालत गंभीर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 28 Oct 2026 05:40 PM (IST)

हमीरपुर के बहुतकनीकी संस्थान के छात्र सर्वेश शर्मा, जिन्होंने सेना के लिए अत्याधुनिक ड्रोन बनाया था, हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हमीरपुर पालीटेक्निक कॉलेज के छात्र सर्वेश शर्मा। जागरण आर्काइव

हमीरपुर पालीटेक्निक कॉलेज के छात्र सर्वेश शर्मा। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. ड्रोन बनाने वाले छात्र सर्वेश हॉस्टल से गिरे।

  2. गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर की तैयारी।

  3. सेना के लिए बनाया था अत्याधुनिक ड्रोन।

संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में सेना के लिए अत्याधुनिक ड्रोन तैयार करने के प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा में आए बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बड़ू के छात्र सर्वेश शर्मा बुधवार दोपहर बाद हॉस्टल की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज हमीरपुर लाया गया, जहां कैजुअल्टी वार्ड में भर्ती किया गया है। 

छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है और बेहतर उपचार के लिए उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर करने की तैयारी की जा रही है। छात्र सर्वेश को साढ़े तीन करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट मिला था।

चक्कर आने से संतुलन बिगड़ने की आशंका

जानकारी के अनुसार, छात्र को चक्कर आने के कारण संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरने की आशंका है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस पहुंची हॉस्टल

हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हॉस्टल की तीसरी मंजिल से छात्र किन परिस्थितियों में गिरा, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

87 हजार में तैयार किया आधुनिक ड्रोन

सर्वेश शर्मा बहुतकनीकी संस्थान हमीरपुर, बडू में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर के छात्र हैं। उन्होंने करीब 87 हजार रुपये की लागत से सेना के लिए अत्याधुनिक ड्रोन तैयार किया था। उनके इस प्रोजेक्ट के लिए करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने की जानकारी सामने आने के बाद वह चर्चा में आए थे। उनके तकनीकी नवाचार की सराहना भी हुई थी।

क्या कहते हैं डॉक्टर

मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. देशराज शर्मा ने बताया कि बहुतकनीकी संस्थान के एक छात्र के गिरकर घायल होने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। उसका उपचार जारी है। सरकार की ओर से सर्वेश शर्मा का निश्शुल्क उपचार करने के निर्देश मिले हैं। इसी के तहत उसे आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।