हिमाचल: नादौन में किराये के कमरे में बहस के बाद खूनी झड़प, पुलिस पहुंची तो खून से लथपथ मिला शव
हिमाचल के हमीरपुर जिले के नादौन में एक किरायेदार दिग्विजय उर्फ गांगुली की हत्या कर दी गई। पुलिस को झगड़े ...और पढ़ें

नादौन में व्यक्ति की हत्या कर दी गई। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
नादौन के फस्टे गांव में किरायेदार दिग्विजय उर्फ गांगुली की हत्या।
झगड़े की सूचना पर पुलिस को मिला खून से लथपथ शव।
मौके से खून सना फावड़ा बरामद, पुलिस ने जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस थाना नादौन के तहत फस्टे गांव में यह वारदात हुई है। मृतक की पहचान दिग्विजय उर्फ गांगुली पुत्र रामवृक्ष निवासी उमरिया, संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह गांव के ही अशोक कुमार के पुश्तैनी मकान में किराये पर रहता था। बताया जा रहा है कि ये लोग आपस में उलझ रहे थे, इस दौरान दिग्विजय की हत्या कर दी गई।
झगड़ने की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार पंचायत प्रधान ने थाना में सूचना दी कि गांव में कुछ लोग लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान सलालड़ी निवासी कश्मीर सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि गांव में किराये पर रह रहे प्रवासी दिग्विजय उर्फ गांगुली की किसी ने हत्या कर दी है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जानकारी के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी जांच की जा रही है।
बरामदे पर खून से लथपथ मिला शव
गांव के एक छोर पर सुनसान क्षेत्र में स्थित कच्चे मकान में गांगुली का शव बरामदे में खून से लथपथ मिला। मौके पर खून से सना फावड़ा भी पड़ा था। पुलिस ने फावड़ा भी बरामद किया है।
डीएसपी ने की जांच
सूचना मिलते ही डीएसपी और थाना प्रभारी नाजर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वीरवार सुबह फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा अहम साक्ष्य जुटाए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 'PWD सर्किट हाउस कुर्क करें', मंडी कोर्ट ने सुनाया फैसला; 3 दिन में लाभ जारी न करने पर होगी कार्रवाई