यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Himachal: पैसों के लिए इकलौते बेटे ने कर दी मां की हत्या, गुनाह छिपाने के लिए रची ऐसी साजिश कि पुलिस को भी उलझा दिया
Himachal Pradesh Hamirpur murder हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक बेटे ने अपनी माँ की प्रेस से वार कर ...और पढ़ें

जागरण टीम, हमीरपुर। Himachal Pradesh Hamirpur murder, हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में बेटे ने पैसों के लिए मां को मौत के घाट उतार दिया। आरोपित मां से पैसे मांग रहा था, इस पर दोनों में विवाद हुआ। पैसे न देने पर इकलौते बेटे ने मां के सिर पर कपड़ों की प्रेस से वार कर हत्या कर दी।
वारदात के वक्त 48 वर्षीय सोमलता और उसका 24 वर्षीय बेटा ही घर पर थे। बताया जा रहा है आरोपित ने खाना खाते वक्त अपनी मां के सिर पर वार कर हत्या की। इसके बाद अपना गुनाह छिपाने के लिए ऐसी साजिश रची कि पुलिस को भी उलझा कर रख दिया।
वारदात के बाद उसने दरवाजा बंद कर लिया और खुद भी बेहोश होने का नाटक किया। उसने लोगों को बताया कि यहां गाड़ी में तीन से चार लोग आए थे, जिन्होंने उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया व उसकी मां की हत्या कर फरार हो गए।
पुलिस उसकी बातों में उलझ गई व एसपी हमीरपुर ने अलग-अलग टीमें गठित कर हत्यारों की तलाश में भेज दीं। लेकिन देर शाम शक के आधार पर महिला के बेटे को भी पुलिस थाने में लाया गया व उससे गहन पूछताछ की गई।
पुलिस पूछताछ हड़बड़ाया आरोपित
पुलिस पूछताछ के दौरान वह हड़बड़ा गया व यहीं पुलिस को शक हुआ कि दाल में कुछ काला है। बुधवार सुबह पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने भी भाेरंज थाने में पहुंचकर युवक से पूछताछ की, इस दौरान उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
मंगलवार को हुई थी हत्या, आज कबूला गुनाह
भोरंज उपमंडल के बैलग गांव में बीते कल मंगलवार को यह हत्या हुई थी। पुलिस ने शक के आधार पर महिला के बेटे को हिरासत में लिया था। आज बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपित को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
चंडीगढ़ में नौकरी करता था युवक
युवक चंडीगढ़ में किसी निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसने एक गाड़ी ली थी, जिसके लिए वह मां से पैसे की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। युवक पैसों के लिए इस कद्र तैश में आ गया व यह भी भूल गया कि जिसे वह मारने जा रहा है, वह उसे जन्म देनी वाली मां है।
महिला का पति पूर्व सैनिक
48 वर्षीय महिला सोमलता का पति पूर्व सैनिक है व वह ऊना के एक संस्थान में कार्यरत हैं। वारदात के वक्त वह घर पर नहीं थे। बेटे की इस करतूत से वह भी पूरी तरह से टूट चुके हैं।
