विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

11 दिन व्रत और नंगे पांव रहना, मिलिए श्रीरामलीला के किरदारों से; हिमाचल के नादौन में 126 साल से हो रहा मंचन

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 20 Oct 2026 11:43 AM (IST)Updated: Tue, 20 Oct 2026 12:08 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के नादौन में 126 साल से चली आ रही श्रीरामलीला में कलाकार अनूठी श्रद्धा दिखाते हैं। हनुमान बने अंतरिक्ष 11 दिन नंगे पैर रहते हैं।

नादौन में श्रीरामलीला के दौरान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान के किरदार में कलाकार। जागरण

नादौन में श्रीरामलीला के दौरान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान के किरदार में कलाकार। जागरण

HighLights

  1. नादौन में 126 साल से हो रही है श्रीरामलीला का मंचन।

  2. हनुमान बने अंतरिक्ष 11 दिन तक नंगे पैर रहते हैं।

  3. श्रीराम और लक्ष्मण के कलाकार 11 दिन व्रत रखते हैं।

मनोज कुमार शर्मा, नादौन (हमीरपुर)। हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले के नादौन शहर में 126 साल से चल रही श्रीरामलीला खास है। हर दिन शाम पांच बजे शुरू होने वाली श्रीरामलीला को पूर्वजों की विरासत की तरह नई पीढ़ी बाखूबी निभा रही है। पहले नवरात्र से शुरू होने वाले आयोजन में 40 से अधिक कलाकार ही भूमिका निभाते हैं।

11 दिन नंगे पैर रहते हनुमान बने अंतरिक्ष

श्रीरामलीला में हनुमान जी का अभिनय मोटर मैकेनिक अंतरिक्ष डोगरा करते हैं। इन दिनों शहर में इनकी पहचान हनुमान जी के साथ जुड़ गई है। अंतरिक्ष कहते हैं कि 11 दिनों के आयोजन के पहले दिन से वह नंगे पैर रहते हैं। अभिनय के दौरान तो क्रम रहता ही, घर हो या वर्कशाप, हर जगह नंगे पैर ही रहते हैं।

एडवोकेट मुकुंद श्रीराम की भूमिका में

भगवान श्रीराम की भूमिका एडवोकेट मुकुंद शर्मा निभा रहे हैं। दिन के समय कचहरी में काम निपटाते हैं और दोपहर बाद पंडाल की ओर निकल जाते हैं। रावण, मेघनाद और अब श्रीराम का अभिनय कर रहे मुकंद 16 वर्ष से कमेटी से जुड़े हैं।

11 दिन रखते हैं व्रत

मुकुंद बताते हैं कि 11 दिन तक व्रत रखते हैं। सिर्फ फलाहार होता है और घर पर भूमि आसन लगाकर विश्राम किया जाता है। विभिन्न किरदारों में खुद को ढालने पर मुकुंद कहते हैं- होइहि सोई जो राम रचि राखा। यह सब प्रभु श्रीराम की कृपा से संभव हो पाता है। 

16 साल से विभिन्न भूमिकाओं में अजय

लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले अजय शर्मा 16 साल से विभिन्न भूमिकाओं में नजर आते हैं। बड़े भाई श्रीराम के पदचिह्नों पर चलने वाले लक्ष्मण भी 11 दिन तक फलाहार का सेवन करते हैं। मोबाइल फोन की दुकान चलाने वाले अजय कहते हैं कि जब हम पंडाल में पहुंचते हैं तो अलग ही अनुभूति होती है।

12 साल से रावण बन रहे संजीव

नादौन में ही रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाने वाले संजीव भाटिया 12 वर्ष से रावण का अभिनय करते हैं। संजीव कहते हैं कि मेरा अभिनय तो राक्षसों वाला है लेकिन सार्वजनिक जीवन में मैंने कभी मदिरापान नहीं किया है। इन दिनों में सुबह दुकान खोलते हैं और दोपहर बाद पंडाल की और निकल जाते हैं।

यह सामूहिक आयोजन : शम्मी

श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष शम्मी सोनी बताते हैं कि पत्तन बाजर में बुजुर्गों ने करीब 126 वर्ष पहले इसकी शुरुआत की थी, जिसे हर शहरवासी आगे बढ़ा रहा है। यह सामूहिक आयोजन है। रामकाज के लिए बस हम सेवक के रूप में कार्यरत हैं। आयोजन 21 अक्टूबर तक चलेगा। सोमवार को लक्ष्मण मूर्छित होने और हनुमान जी के संजीवनी बूटी लाने के प्रसंग दर्शाए गए। इसी बीच भगवान श्रीराम ने लंकापति रावण को युद्ध के ललकार दी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।