विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धर्मशाला जेल में हिंसक झड़प से मचा हड़कंप, कैदियों-स्टाफ समेत 8 घायल

Updated: Sun, 16 Aug 2026 10:14 PM (IST)

धर्मशाला की लाला लाजपतराय जिला जेल में कैदियों और जेल स्टाफ के बीच अस्पताल भेजने को लेकर हुई बहस खूनी झड़प में बदल गई। इस घटना में चार कैदी और चार जेल कर्मचारी घायल हो गए।

धर्मशाला जेल में कैदियों और स्टाफ के बीच खूनी झड़प। फाइल फोटो

धर्मशाला जेल में कैदियों और स्टाफ के बीच खूनी झड़प। फाइल फोटो

HighLights

  1. अस्पताल भेजने को लेकर कैदियों-स्टाफ में हुई बहसबाजी।

  2. झड़प में चार कैदी और चार जेल कर्मचारी हुए घायल।

  3. धर्मशाला पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। लाला लाजपतराय जिला मुक्त एवं सुधार गृह कांगड़ा धर्मशाला में रविवार दोपहर कैदियों और जेल स्टाफ के बीच बहसबाजी खूनी झड़प में बदल गई। अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने को लेकर शुरू हुई बहसबाजी के बाद मारपीट में चार कैदी और जेल के चार सुरक्षा कर्मचारी घायल हो गए।

घायल कर्मचारियों में हेड कांस्टेबल राकेश वर्मा, सूरज, अजीत और शिवराम शामिल हैं। इन्हें उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा ले जाया गया है। धर्मशाला पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

मारपीट तक पहुंचा मामला

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे कैदियों की ओर से अस्पताल भेजने के लिए गार्द लगाए जाने की मांग को लेकर जेल प्रबंधन से बातचीत चल रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।

धर्मशाला पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालेगी।

- नारायण सिंह, एसएचओ धर्मशाला

पुलिस ने शुरू की जांच

आरोप है कि झड़प के दौरान कांच की खिड़की तोड़ दी गई और उसके टुकड़ों से भी एक-दूसरे पर वार किए गए। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद धर्मशाला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घायल कैदियों का जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचार और मेडिकल करवाया गया। वहीं, घायल जेल कर्मचारियों को टांडा अस्पताल भेजा गया।

दो माह पहले यहां कैदी की हो चुकी है मौत

दो माह पहले जेल में एक कैदी की मौत हो गई थी। जिसको लेकर मृतक कैदी के स्वजनों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया था और निष्पक्ष जांच की मांग की थी। जिसकी जांच न्यायाधीश कर रहे है।

पुलिस थाना धर्मशाला को घटना बारे की सूचना दी है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की ओर से शिकायतें दी गई हैं। इनके आधार पर मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित तथ्यों और साक्ष्यों को भी खंगाला है।

- राजेश, कार्यकारी प्रभारी, सहायक उप अधीक्षक, जिला कारागार धर्मशाला।