विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली पर बच्चे कर रहे थे पिता का इंतजार, हादसे ने छीन ली खुशियां; नूरपुर के भदरोआ में कार सवार रौंदकर फरार

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 09 Nov 2026 11:26 AM (GMT+05:30)

कांगड़ा जिले में दीपावली की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 43 वर्षीय राजकुमार की अज्ञात वाहन की टक्कर से ...और पढ़ें

नूरपुर के भदरोटा में सीसीटीवी कैमरे में कैद हादसे की तस्वीरें और मृतक का फाइल फोटो

नूरपुर के भदरोटा में सीसीटीवी कैमरे में कैद हादसे की तस्वीरें और मृतक का फाइल फोटो

HighLights

  1. कांगड़ा में दीपावली की रात अज्ञात वाहन से हादसा।

  2. 43 वर्षीय राजकुमार की टक्कर से दर्दनाक मौत हुई।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध हुंडई कार तलाश रही।

मुकेश सरमाल, भदरोआ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में दीपावली की रात एक घर का चिराग बुझ गया। भदरोआ में दीवाली पर घर आ रहे बाइक सवार 43 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सीएस पठानिया होटल के नजदीक रात करीब 9:32 बजे पेश आया। घर पर बच्चे पिता के लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन दुखद हादसे ने उनके सिर से पिता का साया ही मिटा दिया। 

मृतक राजकुमार उर्फ राजू पुत्र प्रकाश चंद निवासी गांव गगवाल, डाकघर भदरोआ, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा का निवासी था। राजकुमार दीपावली के अवसर पर पटाखे और मिठाइयां लेकर घर पहुंचा था। इसके बाद वह कुछ सामान लेने के लिए दोबारा बाजार गया। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी में दिखी संदिग्ध कार

हादसे के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फुटेज में एक संदिग्ध हुंडई आई-20 कार दिखाई दे रही है, लेकिन उसका नंबर स्पष्ट नहीं हो पाया है। अब पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज के आधार पर कार की पहचान करने और उसके चालक तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा इसी कार से हुआ था या इसमें कोई अन्य वाहन शामिल था।

एसपी इल्मा अफरोज ने लिया संज्ञान

पुलिस अधीक्षक नूरपुर इल्मा अफरोज ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द दुर्घटना में शामिल वाहन का पता लगाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए पुलिस प्रयासरत है।

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

राजकुमार के एक बेटा और दो बेटियां हैं, एक बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ भी बताई जा रही है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इस हादसे ने परिजनों के सामने जीवनयापन का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

सहायता की गुहार

जिस घर में दीपावली के दीप जल रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार तथा प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि बेसहारा हुए बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके। ग्रामीणों ने पुलिस से भी मांग की है कि जल्द से जल्द संदिग्ध वाहन और उसके चालक का पता लगाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। दीपावली की रात हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नूरपुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें: दीपावली पर सिरमौर के नाहन में भड़की आग, गौशाला में कई पशुओं की जलने से मौत 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।