दीवाली से अगले दिन हमीरपुर में छुट्टी का एलान, कांगड़ा जिले में भी उठी गोवर्द्धन पूजा के अवकाश की मांग
हमीरपुर जिले में दीपावली के अगले दिन गोवर्द्धन पूजा के लिए 9 नवंबर को स्थानीय छुट्टी घोषित की गई है। ...और पढ़ें

हमीरपुर में गोवर्द्धन पूजा की छुट्टी का एलान किया गया। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हमीरपुर में 9 नवंबर को गोवर्द्धन पूजा की छुट्टी।
कांगड़ा में विश्वकर्मा जयंती, पूजा पर अवकाश की मांग।
धीमान कल्याण सभा ने सरकार से की अवकाश की अपील।
जागरण टीम, हमीरपुर/कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में दीपावली के अगले दिन गोवर्द्धन पूजा की छुट्टी होगी। नौ नवंबर को जिला हमीरपुर में लोकल छुट्टी का एलान किया गया है। इस बीच कांगड़ा जिले में भी छुट्टी की मांग उठी है। विश्वकर्मा जयंती और पूजा पर राजपत्रित अवकाश घोषित किए जाने की मांग उठी है।
धीमान कल्याण सभा ने उठाई मांग
धीमान कल्याण महासभा हिमाचल प्रदेश की नगरोटा सूरियां शाखा ने प्रदेश सरकार से भगवान विश्वकर्मा जयंती और दीपावली के दूसरे दिन होने वाली विश्वकर्मा पूजा पर राजपत्रित अवकाश घोषित करने का आग्रह किया है।
इन कार्यों से जुड़े लोग करते हैं पूजा
महासभा के क्षेत्रीय प्रधान इंजीनियर रविंद्र कुमार रवि, महासचिव एवं पूर्व प्रधान पंचायत लुदरेट रविंद्र सिंह धीमान और मीडिया प्रभारी फौजा सिंह धीमान ने वीरवार को संयुक्त बयान में कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि का शिल्पकार और निर्माण कला का जनक माना जाता है। उद्योगों, कारखानों, मशीनरी, औजारों और निर्माण कार्यों से जुड़े लोग उनकी पूजा करते हैं।
दोनों अवसर पर अवकाश दिया जाए
उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा दिवस हर साल 17 सितंबर को मनाया जाता है। दीपावली के दूसरे दिन भी मशीनों, औजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष पूजा होती है। महासभा ने कामगारों, कारीगरों और तकनीकी कर्मचारियों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पूरे हिमाचल प्रदेश में दोनों अवसरों पर अवकाश देने की मांग की।
हमीरपुर में उपायुक्त ने पहले दिया था आदेश
इस संबंध में जिलाधीश हमीरपुर की ओर से जनवरी महीने में ही आदेश जारी कर दिए गए थे। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने सभी जिलावासियों को धनतेरस, दिवाली, गोवर्द्धन पूजा और भाई दूज के पर्व की शुभकामनाएं दी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।