वायनाड टनल हादसा: हिमाचल का लापता इंजीनियर राहुल मृत मिला, 4 माह पहले लिए थे सात फेरे; विक्रम का परिवार भी सदमे में
केरल के वायनाड में हुए भीषण भूस्खलन में हिमाचल प्रदेश के इंजीनियर राहुल शर्मा मृत पाए गए, जिनकी चार महीने ...और पढ़ें

वायनाड टनल हादसे का शिकार हुए हिमाचल के राहुल शर्मा का फाइल फोटो।
HighLights
वायनाड भूस्खलन में हिमाचल के इंजीनियर राहुल शर्मा मृत मिले।
राहुल की शादी चार महीने पहले हुई थी, परिवार सदमे में।
कांगड़ा के इंजीनियर विक्रम राणा अभी भी लापता, तलाश जारी।
जागरण टीम, मंडी/कांगड़ा। केरलम के वायनाड में मंगलवार को हुए भीषण भूस्खलन ने हिमाचल प्रदेश को भी गहरे जख्म दिए हैं। मंडी जिले के रिवालसर के विकास नगर (डोह) का 27 वर्षीय युवा सिविल इंजीनियर राहुल शर्मा और कांगड़ा जिले के फतेहपुर तहसील के सुरेला गांव निवासी इंजीनियर विक्रम राणा भी लापता लोगों में शामिल हैं। वीरवार दोपहर राहुल मृत हालत में मिला है। परिवर की आखिरी उम्मीद भी टूट गई है। घटना के बाद से राहुल व विक्रम के स्वजन सदमे में हैं।
राहुल पत्नी के साथ गया था केरलम
सिविल इंजीनियर राहुल शर्मा पुत्र रूपदेव ने बीटेक के बाद भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेललाइन निर्माण में सेवाएं दी थीं। कुछ माह पहले ही उसकी नियुक्ति वायनाड में सुरंग निर्माण करने वाली एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में हुई थी। वह पत्नी के साथ केरलम गया था। इसी वर्ष फरवरी में छेश्चू मेले के पावन अवसर पर दोनों परिणय सूत्र में बंधे थे।
पिता व मामा वायनाड पहुंचे
मंगलवार सुबह राहुल अपने साथियों के साथ टनल प्रोजेक्ट पर डटा था, तभी अचानक भूस्खलन हुआ और मलबे में फंस गया। सूचना मिलने के बाद राहुल के पिता और मामा वायनाड चले गए। दुबई में होटल मैनेजमेंट का काम करने वाला राहुल का छोटा भाई भी वायनाड पहुंच गया। लेकिन उनकी उम्मीदें धरी रह गई हैं।
विक्रम राणा का परिवार भी सदमे में
इंजीनियर विक्रम राणा के लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिवार सदमे में है। विक्रम करीब डेढ़ माह पहले सुरंग निर्माण परियोजना में बतौर इंजीनियर कार्य करने के लिए केरलम गए थे। हादसे के बाद से उनका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है। प्रशासन या कंपनी की ओर से भी अभी तक उनकी सुरक्षित बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पत्नी व बच्चों को नहीं जानकारी
स्वजन के अनुसार, विक्रम की पत्नी दो बच्चों के साथ मायके में है। उनका बेटा 24 व बेटी 22 वर्ष की है। उन्हें अभी तक हादसे की जानकारी नहीं दी है। विक्रम के छोटे भाई सहित अन्य स्वजन केरलम चले गए हैं। स्वजन जिला प्रशासन, कंपनी प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।