हिमाचल के शाहपुर में फोरलेन ब्रिज के नीचे मृत मिला व्यक्ति, हत्या की आशंका के बीच लोगों का हंगामा; घर पर हुई थी बात
हिमाचल के शाहपुर में फोरलेन पुल के नीचे एक व्यक्ति का शव मिला, जिसकी पहचान पवन कुमार के रूप में हुई। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद लोगों ...और पढ़ें

शाहपुर के पुहाड़ा में पुल के नीचे पड़ा मृत व्यक्ति और फोरलेन पर प्रदर्शन करते लोग। जागरण
HighLights
शाहपुर में फोरलेन पुल के नीचे मिला एक व्यक्ति का शव।
मृतक पवन कुमार की मौत पर परिवार ने जताई हत्या की आशंका।
स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
जागरण टीम, शाहपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश में मंडी-पठानकोट फोरलेन पर शाहपुर के पास पुहाड़ा में खोली खड्ड पर बने पुल के नीचे एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में मृत मिला। बताया जा रहा है व्यक्ति पुल से नीचे खड्ड में गिरा है, करीब 80 फीट की हाईट से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब लोगों ने शव देखा तो जांच पड़ताल शुरू हुई।
लोग इसे साजिश करार दे रहे हैं। लोगों ने वारदात के विरोध में फोरलेन पर प्रदर्शन किया व उचित जांच की मांग की। लोगों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
भरमौर से लौटा था रेहलू का पवन कुमार
45 वर्षीय पवन कुमार पुत्र नीचू राम शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रेहलू के किला गांव का निवासी था। पवन कुमार मिस्त्री का कार्य करता था। पवन कुमार किसी काम से चंबा गया था। वहां से चंबा-शिमला रूट की बस से वापस लौटा था। उन्हें शाहपुर उतरना था, लेकिन वह गलती से पुहाड़ा में उतर गए।
रात को परिवार से हुई बात
बताया जा रहा है कि रात को पवन कुमार की घर में परिवार के सदस्यों से बात हुई है कि वह गलती से शाहपुर के बजाय दो किलोमीटर आगे पुहाड़ा में उतर गया है व वहां से अब पैदल आएगा। लेकिन वह घर नहीं पहुंचा। देर रात तक घर न पहुंचने पर स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की। सुबह पुहाड़ा पुल के नीचे उनका शव पाया गया। ऐसे में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
विधायक ने त्वरित जांच के दिए आदेश
शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और फॉरेंसिक टीम को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।