विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में रेव पार्टियों पर पुलिस की नजर, रडार पर एकांत कैफे; जंगलों से बंद कमरों तक पहुंचा पार्टियों का नेटवर्क

Published: Tue, 25 Aug 2026 05:53 AM (IST)Updated: Tue, 25 Aug 2026 07:59 AM (IST)

कांगड़ा पुलिस ने रेव पार्टियों और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए धर्मकोट व मैक्लोडगंज में निगरानी बढ़ा ...और पढ़ें

हिमाचल में रेव पार्टियों पर पुलिस की नजर। फाइल फोटो

हिमाचल में रेव पार्टियों पर पुलिस की नजर। फाइल फोटो

HighLights

  1. कांगड़ा पुलिस ने रेव पार्टियों और नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसा।

  2. धर्मकोट और मैक्लोडगंज के एकांत कैफे, जंगल के ठिकाने रडार पर।

  3. जंगल कैफे में दबिश से चिट्टा, चरस व बीयर बरामद।

जागरण संवाददाता, धर्मशाला। रेव पार्टियों में नशे के इस्तेमाल और इसके नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए कांगड़ा पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। धर्मकोट और मैक्लोडगंज क्षेत्र में एकांत कैफे, जंगलों के आसपास के ठिकानों और ऐसे स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी, जहां नशे की आड़ में पार्टियां आयोजित होने की आशंका है। पुलिस इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने वाले पार्टी इनविटेशन, पोस्टर और प्रचार सामग्री को भी खंगालेगी।

बताया जा रहा है कि पहले रेव पार्टियों के आयोजन के लिए जंगलों का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस की सख्ती के बाद खुले तौर पर ऐसी गतिविधियों में कमी आई, लेकिन अब इनके बंद कमरों और एकांत कैफे में आयोजित होने की आशंका सामने आई है। धर्मकोट में हाल ही में नशे की खेप और पार्टी से जुड़े मामले ने इस नेटवर्क की मौजूदगी को उजागर किया है।

भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद

अपर भागसूनाग स्थित जंगल कैफे में रेव पार्टी की सूचना पर डीआइजी उत्तरी क्षेत्र सौम्या सांबसिवन के मार्गदर्शन में कांगड़ा पुलिस ने तड़के दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कैफे से 1.25 ग्राम चिट्टा, 25.94 ग्राम चरस, 5.35 ग्राम भांग, बीयर के 19 कैन और नशीले पदार्थों की पैकिंग सामग्री बरामद हुई।

पुलिस ने कैफे मालिक समेत दो आरोपियों राकेश कुमार निवासी मंडी व बंगाल निवासी विपिनन भट्टाचार्य को गिरफ्तार किया है। जिन्हें जमानत पर रिहा किया गया है।

नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की तैयारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नशे की खेप कैफे तक कहां से पहुंची, पार्टी का नेटवर्क कौन संचालित कर रहा था और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से किन लोगों को जोड़ा गया था।

पुलिस की नशे के खिलाफ यह ड्राइव लगातार जारी रहेगी। मैक्लोडगंज में पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार अथवा इसकी आड़ में होने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

पुलिस कैफे व अन्य जगहों पर नजर रखेगी, पोस्टर व इंटरनेट पर भी नजर रहेगी। इस तरह की नशे को प्रोत्साहित करने वाली पार्टियों का गैर कानूनी आयोजन पूरी तरह से बंद होगा। दो लोगों को गिरफ्तार किया था, मात्रा कम होने के कारण उन्हें छोड़ा गया है। उनसे पूछताछ की गई है। - संजय कुमार, प्रभारी, मैक्लोडगंज पुलिस थाना।

 

पुलिस लगातार निगरानी कर ही है। लगातार पेट्रोलिंग हो रही है। नशे को प्रोत्साहित करने
वाले ऐसे इवेंटों पर नजर रहेगी। नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। पुलिस रूटीन में अपनी चैकिंग व जांच जारी रखेगी। - कुलभूषण वर्मा, पुलिस अधीक्षक, कांगड़ा।