हिमाचल में अटल टनल घूमने निकले पर्यटकों की कार खाई में गिरी, 2 लोगों की मौत; तीन की हालत गंभीर
हिमाचल प्रदेश में अटल टनल रोहतांग के समीप लाहुल के सिस्सू में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पर्यटकों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए।

अटल टनल रोहतांग के पास कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
HighLights
अटल टनल के समीप सिस्सू में दर्दनाक सड़क हादसा।
हादसे में दो पर्यटकों की मौत, तीन अन्य घायल।
अनियंत्रित कार खाई में गिरने से हुआ यह हादसा।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में अटल टनल रोहतांग के समीप लाहुल के सिस्सू में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि तीन घायल हैं। ये पर्यटक अटल टनल राेहतांग व लाहुल में घूमने के लिए निकले थे। यह हादसा कार के अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिरने से हुआ। मृतकों की पहचान सुरेश पुत्र तोता राम, निवासी बडियाल, तहसील बल्ह, जिला मंडी और बबलू पुत्र हल्कू राम निवासी मंडी के रूप में हुई है। सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बबलू ने कुल्लू अस्पताल में दम तोड़ा।
घायलों में मोहन सिंह पुत्र सेवक राम, निवासी चुवाड़ी, डाकघर राजगढ़, तहसील बल्ह, निखिल पुत्र रमेश चंद, निवासी सकरोआ, तहसील बल्ह, पवन कुमार पुत्र लक्ष्मण दास, निवासी टिक्कर, तहसील बल्ह जिला मंडी शामिल हैं।
अचानक अनियंत्रित हुआ वाहन
एचपी-31सी-1662 नंबर की कार गोंधला की ओर जा रही थी। सिस्सू सेल्फी प्वाइंट के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हुआ और सड़क से नीचे जा गिरा। कार में कुल पांच लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलंग पहुंचाया गया। घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल कुल्लू रेफर किया गया।
पुलिस हादसे की जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुआ और दुर्घटना का सटीक कारण क्या रहा। डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
