माइक्रोलाइट विमान से उड़ान भरेंगे हिमाचल के NCC कैडेट, CM सुक्खू ने भुंतर में किया एयर विंग हैंगर का उद्घाटन
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कुल्लू के भुंतर में एनसीसी एयर विंग के हैंगर का उद्घाटन किया है। अब हिमाचल ...और पढ़ें

कुल्लू के भुंतर एयरपोर्ट में एयर विंग के हैंगर में सवार सीएम सुखविन्द्र सिंह सुक्खू।
HighLights
सीएम सुक्खू ने भुंतर में एनसीसी एयर विंग हैंगर का उद्घाटन किया।
कैडेट्स को स्थानीय स्तर पर माइक्रोलाइट विमान प्रशिक्षण मिलेगा।
हिमाचल में विमानन प्रशिक्षण ढांचे को मिलेगी मजबूती।
संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स के लिए बड़ी सौगात मिली है। अब प्रदेश के कैडेट्स को विमान उड़ाने का प्रशिक्षण लेने के लिए दूसरे स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। कुल्लू के भुंतर स्थित कुल्लू-मनाली हवाई अड्डे पर एनसीसी एयर विंग का हैंगर तैयार हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को इसका उद्घाटन किया।
उन्होंने एयरक्राफ्ट में बैठकर इसका जायजा लिया। वाटन कैनन से उनका स्वागत किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से प्रदेश के कैडेट्स को स्थानीय स्तर पर ही माइक्रोलाइट विमान के माध्यम से उड़ान प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
प्रशिक्षण ढांचे को मजबूती
भुंतर हवाई अड्डे पर हैंगर तैयार होने से एनसीसी एयर विंग के प्रशिक्षण ढांचे को मजबूती मिलेगी। विमानन से जुड़े व्यावहारिक प्रशिक्षण में कैडेट्स को उड़ान संबंधी तकनीकी जानकारी और विमान संचालन का अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है। अब कुल्लू में यह सुविधा उपलब्ध होने से कैडेट्स को प्रशिक्षण के लिए दूसरे स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
विमानन क्षेत्र में बढ़ेगी रुचि
हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए यह पहल विमानन क्षेत्र में रुचि विकसित करने और प्रशिक्षण के नए अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एनसीसी के माध्यम से कैडेट्स में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी समझ विकसित करने पर जोर दिया जाता है।
युवाओं के लिए सुविधा
उड़ान प्रशिक्षण से उन्हें इन गुणों के साथ विमानन गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव भी मिल सकेगा। भुंतर में हैंगर की सुविधा विकसित होने से प्रदेश के एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को स्थानीय स्तर पर सुदृढ़ करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे कुल्लू विमानन प्रशिक्षण गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी उभर सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।