विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल प्रदेश: कुल्लू में बिना बारिश दरका पहाड़: 200 मीटर सड़क का मिट गया नामोनिशान

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Updated: Mon, 31 Aug 2026 02:54 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल में बिना बारिश के अचानक हुए भूस्खलन से बागीपुल-जाओं सड़क का 200 मीटर हिस्सा मलबे में समा गया।

HighLights

  1. निरमंड में बिना बारिश अचानक हुआ भीषण भूस्खलन।

  2. बागीपुल-जाओं सड़क का 200 मीटर हिस्सा गायब।

  3. सड़क मार्ग बाधित, मशीनरी से बहाली का कार्य जारी।

संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के निरमंड उपमंडल में सोमवार को अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा दरक गया। बिना बारिश के ही बागीपुल जाओं सड़क पर पहाड़ी से अचानक भीषण भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा और देखते ही देखते करीब 200 मीटर सड़क मलबे की चपेट में आकर गायब हो गई। अचानक हुए इस भूस्खलन का वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद बागीपुल-जाओं सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10:12 बजे बागीपुल के समीप सड़क पर भूस्खलन हुआ। भूस्खलन इतना भीषण था कि सड़क का बड़ा हिस्सा मलबे में दब गया। मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ यात्रियों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यातायात बाधित

लोक निर्माण विभाग निरमंड के कनिष्ठ अभियंता दीप शर्मा ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बागीपुल के पास सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आने के कारण यातायात बाधित हुआ है। विभाग की टीम मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए मौके पर कार्रवाई कर रही है।

प्रशासन मशीनरी तैनात करेगा

घटना की सूचना कुल्लू पुलिस नियंत्रण कक्ष, लोक निर्माण विभाग के आनी स्थित सहायक अभियंता, निरमंड के कनिष्ठ अभियंता और आनी के अधिशासी अभियंता को भी दी गई है। सड़क से मलबा हटाने के लिए मशीनरी लगाई जा रही है और मार्ग को यातायात के लिए बहाल करने के प्रयास जारी हैं। 

बिना बारिश भूस्खलन से दहशत में लोग

बिना बारिश के अचानक हुए इस बड़े भूस्खलन ने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मार्ग को जल्द खोलने की मांग की है।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather 31st August: हिमाचल के 3 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, भूस्खलन से 98 सड़कें ठप