विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लाहुल स्पीति में हिमस्खलन की चपेट में आए दो लोग, ग्रामीणों ने हिम्मत दिखा बचाई जान; लोगों से सतर्क रहने की अपील

Published: Wed, 19 Mar 2025 07:23 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के लाहुल स्पीति में हिमस्खलन हुआ जिसके चपेट में दो लोग आ गए। स्थानीयों ने हिम्मत दिखाते हुए ...और पढ़ें

स्पीति घाटी के मुद में हिमस्खलन की चपेट में आए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते ग्रामीण l
स्पीति घाटी के मुद में हिमस्खलन की चपेट में आए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालते ग्रामीण l

HighLights

  1. मुद गांव में पानी की समस्या
दूर करने के लिए गए थे मुख्य स्रोत तक
  2. बर्फ में पांच फीट नीचे दब गए थे दोनों, 15 मिनट बाद ग्रामीणों ने निकाल लिया

जागरण संवाददाता, काजा। लाहुल स्पीति जिले की स्पीति घाटी के मुद गांव के समीप दो लोग हिमस्खलन की चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया। ग्रामीण मुद गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए मुख्य स्रोत तक गए थे।

इस दौरान अचानक हिमस्खलन हो गया। दो लोग इसकी चपेट में आ गए। 15 मिनट तक दोनों लोगों का कुछ पता नहीं चला। ग्रामीणों ने उनकी तलाश जारी रखी। कुछ देर बाद ग्रामीणों को बर्फ में दबे लोगों की आवाज सुनाई दी।

ग्रामीणों ने लोगों को बचाया

ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए बर्फ को हटाया। लगभग पांच फीट बर्फ हटाने के बाद दोनों को सुरक्षित निकाल लिया। मुद गांव के नंबरदार छेवांग ने बताया कि हिमस्खलन की चपेट में दो लोगों का बचना चमत्कार से कम नहीं है। गांववासी पेयजल समस्या से जूझ रहे थे।

गांव की सभी टंकियां टूट गई थी। ग्रामीण मंगलवार को मुख्य स्रोत तक पहुंच तो गए, लेकिन वहां अनहोनी हो गई। भगवान की कृपा से दोनों सुरक्षित मिल गए हैं।

विधायक ने जताया आभार

उधर, विधायक अनुराधा राणा ने दोनों लोगों की जान बचाने वालों का आभार जताया। हिमपात के बाद जिले में हिमस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। लोगों से आग्रह है कि सतर्क रहें और खतरे वाली जगह पर न जाएं।

जम्मू-कश्मीर में कैसा रहेगा मौसम

वहीं, जम्मू-कश्मीर में 27 मार्च से मौसम का मिजाज बदलेगा। इस दौरान दो दिन तक वर्षा और हिमपात हो सकता है। गत दिनों पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम का मिजाज बदला था। घाटी के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी और श्रीनगर समेत निचले इलाकों में जमकर वर्षा हुई थी।

इससे तापमान में भारी गिरावट आने से घाटी भीषण ठंड की चपेट में आ गई थी। सोमवार से मौसम में सुधार आया। अधिकांश इलाकों में दिनभर धूप छाई रही। तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। हालांकि पहलगाम व गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान मंगलवार को भी जमाव बिंदु से नीचे बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.5, काजीगुंड में 1.0, पहलगाम में -2.9, कुपवाड़ा में 1.7, कुकरनाग में 2.3, जबकि गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -1.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी व बारिश हो सकती है।

ये भी पढ़ें- 'तलवारें दिखाकर बसों में लगाए खालिस्तानी पोस्टर...', विधानसभा में गूंजा मुद्दा, हिमाचल और पंजाब सरकार आमने-सामने

ये भी पढ़ें- Himachal Budget 2025: हिमाचल में कर्मचारियों को मिलेगा 3% महंगाई भत्ता, बजट में CM सुक्खू ने दी सौगात