हिमाचल में बर्फबारी से फरवरी की शुरुआत, मनाली के पर्यटन स्थलों में ताजा बर्फ गिरते देख झूमे सैलानी
हिमाचल प्रदेश में फरवरी की शुरुआत बर्फबारी के साथ हुई है, जिससे मनाली के पर्यटन स्थल निखर उठे हैं। सोलंगनाला में पर्यटकों ने बर्फ के फाहों का खूब आनंद ...और पढ़ें

मनाली के पर्यटन स्थल सोलंग नाला में हो रहा ताजा हिमपात।
HighLights
फरवरी की शुरुआत में हिमाचल में हुई बर्फबारी।
सोलंगनाला में पर्यटकों ने बर्फ का खूब लुत्फ उठाया।
रोहतांग दर्रे पर एक फुट ताजा हिमपात दर्ज।
जागरण संवाददाता, मनाली। हिमाचल प्रदेश में फरवरी की शुरुआत बर्फबारी के साथ हुई है। महीने के पहले दिन पर्यटन स्थल बर्फबारी से निखर उठे। रविवार को मनाली के सोलंगनाला में बर्फ के फाहे देख पर्यटक उत्साहित हो उठे। आसमान से गिरते बर्फ के फाहों में पर्यटकों ने खूब मस्ती की और उन्हें कैमरे में कैद किया।
नेहरूकुंड से आगे पर्यटक फोर बाई फोर व माउंटेन बाइक में सोलंगनाला पहुंचे। हालांकि हिम आंचल टैक्सी ऑपरेटर यूनियन मनाली द्वारा आज टैक्सी सेवा बंद रखने से पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की आमद पहले की अपेक्षा कम रही। सप्ताहांत के चलते पर्यटकों की आमद बढ़ी है, जिससे सभी पर्यटन कारोबारी खुश हैं।
12 किलोमीटर एरिया में बर्फ में मस्ती
ताजा हिमपात से मनाली व लाहुल के पर्यटन स्थलों का सौंदर्य निखर गया है। हालांकि लाहुल के सभी पर्यटन स्थल अभी बंद हैं। पर्यटक मनाली से सोलंगनाला तक 12 किलोमीटर के दायरे में पर्यटक बर्फ का लुत्फ़ ले रहे हैं। रविवार को भी पर्यटकों ने जगह जगह बने स्नो प्वाइंट में स्कीइंग जैसी शीतकालीन खेलों का आनंद लिया।
चार फीट बर्फ में एडवेंचर
पर्यटन कारोबारी इंद्र, रोशन व टीकम ने बताया कि रविवार को नेहरूकुंड से पर्यटकों ने फोर बाई फोर वाहनों सहित माउंटेन बाइक में सोलंगनाला में दस्तक दी। यहां पर्यटकों ने लगभग चार फीट बर्फ की परत में शीतकालीन खेलों का आनंद लिया। उन्होंने बताया कि सैलानियों ने स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग, स्नो स्कूटर और माउंटेन बाइक का आनंद लिया। सोलंगनाला की स्की ढलान सैलानियों के लिए स्नो प्वाइंट बनी है।

शाम को माल रोड पर मस्ती
दूसरी ओर जो पर्यटक सोलंगनाला नहीं पहुंच पाए उन्होंने नेहरूकुंड, पलचान, वशिष्ट चौक, हिडिम्बा मंदिर में बर्फ का आनंद लिया। दिनभर पर्यटन स्थलों में अठखेलियां करने के बाद शाम होते ही मनाली के मालरोड में पर्यटकों की भीड़ जुटी।
खबरें और भी
रोहतांग दर्रे पर एक फीट ताजा हिमपात
गर्मियों में सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में एक फीट ताजा हिमपात हुआ है। रोहतांग सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में भी बर्फ की मोटी परत बिछ गई है। कोकसर व अटल टनल रोहतांग में चार इंच बर्फ गिरी है। सोलंगनाला व कोठी में तीन इंच हिमपात हुआ है, जबकि क्रम जारी है। लाहुल की समस्त घाटी में भी हिमपात हो रहा है। सुबह के समय मनाली-केलंग मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सुचारू थी, लेकिन शाम को फिलहाल आवाजाही बंद कर दी गई है।
होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि मनाली घाटी में हो रहे हिमपात से पर्यटन को चार चांद लगेंगे।
क्या कहते हैं डीएसपी मनाली
डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पर्यटक पर्यटन स्थलों में हिमपात का आनंद उठा रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।