Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कुल्लू हादसा: 'उतराई पर अचानक गाड़ी के ब्रेक ने काम करना छोड़ा और...', ड्राइवर ने बताई खौफनाक पलों की हकीकत

    By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
    Updated: Sun, 05 Apr 2026 01:01 PM (IST)

    कुल्लू के बंजार में जलोड़ी जोत से लौट रही एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गई, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। चालक ने ब्रेक फेल होने को हाद ...और पढ़ें

    HighLights

    1. बंजार में टेंपो ट्रैवलर खाई में गिरा।

    2. ब्रेक फेल होने से हुआ दर्दनाक हादसा।

    3. हादसे में 4 की मौत, 17 लोग घायल।

    संवाद सहयोगी, कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में जिला कुल्लू के बंजार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। जलोड़ी जोत से बंजार की ओर लौट रही एक टेंपो ट्रैवलर बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल 23 लोग सवार थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक दिल्ली, राजस्थान और पंजाब से संबंध रखते थे। 

    ड्राइवर ने बताई हादसे की वजह

    गाड़ी के चालक लियाकत ने हादसे के बारे में बताया है। उन्होंने बताया कि वाहन उतराई पर था, तभी अचानक ब्रेक फेल हो गए। स्थिति बिगड़ती देख उसने वाहन को नियंत्रित करने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन कुछ दूरी के बाद वाहन पूरी तरह से अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। इसके बाद कोई पता नहीं चल पाया, वह बेसुध हो गए। 

    वाहन चालक लियाकत अब जोनल अस्पताल कुल्लू में उपचाराधीन है। उसकी हालत में सुधार है व डॉक्टर खतरे से बाहर बता रहे हैं। 37 वर्षीय लियाकत हुसैन पुत्र मोहम्मद हुसैन वहदून राजौरी जम्मू कश्मीर का निवासी है।

    हादसे के बाद मची चीख पुकार

    हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। घायलों को खाई से निकालकर तत्काल क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। 

    कुल्लू से तीन घायल पीजीआई चंडीगढ़ रेफर

    अस्पताल के डॉक्टर हीरालाल के अनुसार, हादसे में घायल 17 लोगों को उपचार के लिए लाया गया, जिनमें से तीन की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य 14 घायलों का इलाज क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। हादसे में 4 लोगों की मौत हुई है। दो घायल सिविल अस्पताल बंजार में उपचाराधीन हैं।

    खबरें और भी

    पुलिस कर रही जांच

    प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और प्राथमिक तौर पर ब्रेक फेल को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। 

    पहाड़ी सड़कों पर सतर्कता जरूरी

    इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाने के दौरान सतर्कता और वाहनों की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

    यह भी पढ़ें: Kullu Accident: औट-सैंज हाईवे पर पांच वर्ष में 298 हादसे, आखिर क्या है वजह? कोर्ट तक भी पहुंचा मामला