हिमाचल के लाहुल में नाले की बाढ़ में अस्थायी पुलिया बही, सैकड़ों पर्यटक फंसे; मलबे ने रोका चंद्रभागा नदी का बहाव
लाहुल-स्पीति के जाहलमा नाले में आई बाढ़ से अस्थायी पुलिया बह गई, जिससे 14 पंचायतों और पांगी घाटी का संपर्क कट गया। सैकड़ों पर्यटक और वाहन फंसे हुए हैं ...और पढ़ें
HighLights
जाहलमा नाले में बाढ़ से अस्थायी पुलिया बह गई।
14 पंचायतों और पांगी घाटी का संपर्क कटा।
सैकड़ों पर्यटक और वाहन फंसे, किसानों को नुकसान।
जागरण संवाददाता, केलंग। हिमाचल प्रदेश में जनजातीय जिला लाहुल स्पीति के जाहलमा नाले में अचानक बाढ़ आने से अस्थायी पुलिया बह गई। लाहुल की 14 पंचायतों सहित चंबा जिला की पांगी घाटी का संपर्क कट गया है। पुलिया बह जाने से दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। वाहनों की आवाजाही के साथ पैदल रास्ता भी बंद हो गया है। पर्यटकों सहित स्थानीय लोग जहां थे वहीं फंस गए हैं।
बताया जा रहा है कि गर्मी पड़ने के कारण बर्फ पिघलने से दिन के समय अकसर इस नाले में बाढ़ आती है, लेकिन सोमवार को काफी ज्यादा मात्रा में पानी आ गया, जिसमें अस्थायी पुलिस भी बह गई।
चंद्रभागा नदी का बहाव रुकने से डूबा जोबरंग पुल
जाहलमा नाले में आई भयंकर बाढ़ ने चंद्रभागा नदी का बहाव रोक दिया है। नाले में काफी ज्यादा मात्रा में मलबा आया है, जो समतल जगह पर डंप होने से नदी का बहाव रुक गया है। इस कारण जोबरंग पुल पानी में डूब गया है। घाटी के जोबरंग, रापे व राशेल गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क कट गया है।

मई में टूट गया था जाहलमा पुल
एक महीना पहले 28 मई को संसारी किलाड़ थीरोट तांदी (एसकेटीटी) सड़क पर भारी मलबा और चट्टानें गिरने से जाहलमा नाले का पुल क्षतिग्रस्त हो गया था, इससे लाहुल की 14 पंचायतों के साथ समूची पांगी घाटी का मनाली से संपर्क टूट गया था। इसके बाद अस्थायी पुलिस बनाईथी, वह भी आज टूटबह गई। इस पुल के स्थान पर बीआरओ नए पुल का निर्माण कर रहा है। इस पुल के जुलाई के आखिर में तैयार होने की उम्मीद है।
ये क्षेत्र हुआ प्रभावित
बाढ़ में अस्थायी पुलिया बह जाने से घाटी की जाहलमा, जुंडा, नालडा, मूरिंग, थिरोट, किशोरी, त्रिलोकनाथ, शकोली, उदयपुर, चिमरेट, तिंगरेट, मड्ग्रां, सलग्रां और तिंदी आदि पंचायतों के लोगों को अब आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। मार्ग बंद पड़ने से नाले के दोनों ओर पर्यटकों सहित सैकड़ों वाहन फंस गए हैं। इसके साथ ही इस मार्ग के बंद होने से केलंग और मनाली की तरफ से जम्मू जाने वाला मार्ग भी अवरुद्ध ही गया है।
खबरें और भी

किसानों को भारी नुकसान : प्रधान
जाहलमा पंचायत के प्रधान प्रेम लाल ठाकुर ने कहा कि बाढ़ से किसानों की सभी कूल्हें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। उन्होंने बताया कि कूल्हों के समस्त पाइप बाढ़ में बह गए हैं। उन्होंने प्रशासन व सरकार से जल्द राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पैदल आने जाने की सुविधा भी बाढ़ में बह गई है।
क्या कहती हैं विधायक
लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा का कहना है कि जल्द ही अस्थायी पुलिया का निर्माण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीआरओ का पुल निर्माण कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के लाहुल स्पीति में बिन बारिश नाले में आ गई बाढ़, पर्यटक भी हुए हैरान; 4 जगह जोखिम भरा सफर