यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rohtang Pass Luxury Buses: अब मात्र 700 रुपये में देख सकेंगे रोहतांग दर्रा, पर्यटकों के लिए लग्जरी बस सेवा शुरू
पर्यटक अब पर्यटन निगम की लग्जरी बस में रोहतांग दर्रा देख सकेंगे। निगम ने रोहतांग के लिए बस सेवा शुरू की है। हालांकि गुरुवार को पहले दिन यात्री कम होने ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मनाली। पर्यटक अब पर्यटन निगम की लग्जरी बस में रोहतांग दर्रा (Rohtang Pass with Luxury Bus) देख सकेंगे। निगम ने रोहतांग के लिए बस सेवा शुरू की है। हालांकि गुरुवार को पहले दिन यात्री कम होने के कारण 14 सीटों वाली टेंपो ट्रेवलर रोहतांग भेजी गई। यात्री अधिक होने पर 35 सीटों वाली लग्जरी बस रोहतांग भेजी जाएगी। गुरुवार को निगम की टेंपो ट्रैवलर में मनाली से 14 पर्यटक रोहतांग गए।
रोहतांग पास मात्र 700 रुपये में
रोहतांग जाने के लिए प्रति व्यक्ति किराया 700 रुपये है। बस सुबह आठ बजे मनाली से चलेगी और रोहतांग दर्रे में दो घंटे रुकेगी। रोहतांग से कोकसर होते हुए बस पर्यटकों को अटल टनल का दीदार करवाएगी ओर सोलंगनाला होते हुए शाम पांच बजे मनाली पहुंचेगी। पर्यटन निगम 20 अक्टूबर से मनाली से बारालाचा दर्रे के लिए भी बस सेवा शुरू करेगा और प्रति व्यक्ति किराया 1000 रुपये होगा। पर्यटक सुबह सात बजे बारालाचा दर्रे के लिए रवाना होंगे।
रोहतांग के लिए टेंपो ट्रेवलर भेजी जा रही
पर्यटकों को अटल टनल दिखाकर बस सिस्सू, केलंग, जिस्पा, दारचा, सूरजताल, जिंग जिंगबार होते हुए बारालाचा पहुंचेगी। लगभग एक घंटा रुकने के बाद पर्यटकों को वापस मनाली लाया जाएगा। बस लगभग शाम सात बजे मनाली पहुंचेगी। पर्यटन निगम मनाली के सहायक प्रबंधक रामपाल ठाकुर ने बताया कि रोहतांग के लिए टेंपो ट्रेवलर भेजी जा रही है। पर्यटकों की आमद बढ़ते ही बस भेजी जाएगी।