विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल में मौसम ने ली करवट, रोहतांग सहित मनाली की पहाड़ियों पर बर्फबारी; बर्फ के गिरते फाहों में झूमे सैलानी

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Mon, 02 Nov 2026 01:41 PM (IST)Updated: Mon, 02 Nov 2026 06:24 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में दो सप्ताह के इंतजार के बाद रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू-मनाली और लाहुल में बर्फबारी हुई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। ताजा हिमपात से किसान-बागवान खुश हैं।

रोहतांग दर्रे पर हुआ ताजा हिमपात।

रोहतांग दर्रे पर हुआ ताजा हिमपात।

HighLights

  1. रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू-मनाली में दो सप्ताह बाद हुई बर्फबारी।

  2. ताजा हिमपात से घाटी में ठंड बढ़ी, पर्यटन को मिली संजीवनी।

  3. सैलानियों ने बर्फ में जमकर अठखेलियां की, उत्साह से भरे।

जसवंत ठाकुर, मनाली। हिमाचल प्रदेश में करीब दो सप्ताह के लंबे इंतजार के बाद रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू-मनाली और लाहुल में मौसम ने करवट ली है। सोमवार को रोहतांग दर्रे में मौसम सुहावना हो गया और बर्फ के फाहे गिरने शुरू हो गए। ताजा हिमपात के बाद समूची घाटी में ठंड बढ़ गई है। रोहतांग घूमने पहुंचे सैलानियों ने सोमवार को बर्फ में जमकर अठखेलियां कीं।

सैलानियों ने बर्फ से लदी वादियों में फोटो-वीडियो लेकर हसीन पलों को कैमरे में कैद किया। सैलानी बर्फबारी देखने को लेकर काफी उत्साहित नजर आए।

Snowfall Rohtang 12

इन डेस्टिनेशन में भी बर्फबारी

रोहतांग दर्रे के साथ-साथ धुंधी जोत, हनुमान टिब्बा, इंद्र किला, चंद्रखानी, मनालसु जोत और हामटा जोत सहित सभी ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है। लाहुल घाटी में बारालाचा, शिंकुला और कुंजुम दर्रे में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से तापमान में गिरावट आई है।

किसानों-बागवानों सहित पर्यटन कारोबारी भी चहके

ताजा हिमपात से जहां किसानों-बागवानों के चेहरे खिले हैं, वहीं ठंडे पड़े पर्यटन कारोबार को भी संजीवनी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से बर्फबारी न होने से पर्यटकों की आमद कम थी।

Snowfall Rohtang 11

क्या कहते हैं पर्यटन कारोबारी

मनाली के पर्यटन कारोबारी विम्पी बख्शी, अजय अबरोल, विनीत मेहंदीरत्ता और गजेंद्र ठाकुर ने बताया कि हिमपात न होने से मनाली में पर्यटन कारोबार काफी धीमा चल रहा था। वीकेंड के बावजूद होटलों में ऑक्यूपेंसी कम थी। अब मौसम सुहावना होने से पर्यटन कारोबार के रफ्तार पकड़ने की उम्मीद है।

नवंबर में बर्फबारी से उम्मीद

होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने कहा कि अक्टूबर में उम्मीद से काफी कम पर्यटक मनाली पहुंचे हैं। सितंबर-अक्टूबर सीजन फीका रहा, लेकिन नवंबर से बर्फबारी का दौर शुरू होने के बाद पर्यटन कारोबार के बेहतर रहने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दिवाली के कारण आने वाला सप्ताह पर्यटन की दृष्टि से अच्छा रहेगा। उन्होंने कहा कि क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए अच्छी बुकिंग की उम्मीद लगाई जा रही है।

यह भी पढ़ें: Himachal Weather: हिमाचल में नवंबर में कैसा रहेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी के कहां ज्यादा आसार?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।