Snowfall in Himachal: क्रिसमस से पहले हिमाचल के पर्यटन स्थलों में बर्फबारी, रोहतांग और शिंकुला में फाहों के बीच झूमे सैलानी
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदली है। मनाली के पर्यटन स्थलों शिंकुला व रोहतांग में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिससे पर्यटकों में उत्साह है। क्रिसमस से ...और पढ़ें

अटल टनल के पार लाहुल स्पीति में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।
HighLights
मनाली के पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी शुरू
रोहतांग और शिंकुला में पर्यटकों की मस्ती
क्रिसमस से पहले पर्यटकों के लिए खुशखबरी
लाहुल की मयाड़ घाटी में हिमपात शुरू pic.twitter.com/ngHgXKDzaW
— Rajesh Sharma (@sharmanews778) December 21, 2025
जसवंत ठाकुर, मनाली। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। लंबे अरसे बाद सूखे से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मनाली के पर्यटन स्थलों शिंकुला व रोहतांग में बर्फ के फाहे गिरने का दौर शुरू हो गया है, जबकि घाटी में भी हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई है।
हिमपात की उम्मीद लिए शिंकुला व रोहतांग गए पर्यटकों की मन्नत भी पूरी हो गई है। आज दर्रे में आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक उत्साहित हो उठे। क्रिसमस से पहले पहले बर्फबारी पर्यटकों के लिए खुशखबर है।
बर्फ के फाहों में झूम उठे सैलानी
रविवार को रोहतांग व शिंकुला गए पर्यटकों का स्वागत बर्फ के फाहों से हुआ। रोहतांग दर्रे में आज फोर बाई फोर 277 पर्यटक वाहन पहुंचे। आसमान से बर्फ के फाहे गिरते देख पर्यटक उत्साहित हो उठे। पर्यटकों ने इन यादगार लम्हों को कैमरे में कैद किया। दूसरी ओर शिंकुला दर्रे में भी पर्यटकों ने दस्तक दी और बर्फ का आनंद उठाया। पर्यटकों ने यहां बर्फ में खूब अठखेलियां की।
मनाली के होटलों में बढ़ी आक्यूपेंसी
सप्ताहांत के कारण मनाली के होटलों में आक्यूपेंसी 60 से 65 प्रतिशत तक पहुंच गई है। मौसम के पूर्वानुमान को देखते भारी संख्या में पर्यटक बर्फ का आनंद लेने कुल्लू मनाली आ रहे हैं। रविवार को अन्य राज्यों से लगभग 70 लग्जरी बसें मनाली पहुंची हैं, जबकि छोटे वाहनों की संख्या भी बढ़ी है। होटल कारोबारी सुरेश, किशन व अंशुल का कहना है कि हिमपात होने की सूरत में पर्यटकों का सैलाब उमड़ेगा।
क्रिसमस पर्व पर मचेगा धमाल
पहाड़ों पर हिमपात का क्रम शुरू होने से व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद जगी है। मौसम सुहावना रहने की सूरत में कुल्लू मनाली में क्रिसमस पर्व पर धमाल मचेगी। मनाली प्रशासन ने माल रोड को सजाने का काम शुरू कर दिया है। पर्यटकों की क्रिसमस ईव को यादगार बनाने के लिए डीजे की विशेष व्यवस्था की गई है। मिशन अस्पताल मनाली में भी क्रिसमस पर्व की तैयारी चल रही है। अस्पताल परिसर को सजाया गया है।
28 दिसंबर तक बहाल रहेगा रोहतांग दर्रा
पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन कुल्लू ने रोहतांग दर्रे को 28 दिसंबर तक बहाल रखने का निर्णय लिया है। एसडीएम मनाली रमण कुमरा शर्मा ने कहा कि रोहतांग दर्रे की बहाली मौसम पर निर्भर रहेगी।