कुल्लू पहुंचे बॉलीवुड एक्टर सनी देओल, शोभाला मल्टीप्लेक्स में देखी 'बॉर्डर 2'; फैन्स ने कुछ इस तरह किया स्वागत
बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल कुल्लू के शोभाला मल्टीप्लेक्स में अपनी फिल्म 'बॉर्डर 2' देखने पहुंचे, जिससे माहौल फिल्मी हो गया। उनकी एक झलक पाने के लिए भारी ...और पढ़ें

कुल्लू पहुंचे बॉलीवुड एक्टर सनी देओल
HighLights
सनी देओल 'बॉर्डर 2' देखने कुल्लू के शोभाला मल्टीप्लेक्स पहुंचे
उनकी एक झलक पाने के लिए दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी
'बॉर्डर 2' 1971 युद्ध पर आधारित देशभक्ति फिल्म है
संवाद सहयोगी, जागरण, कुल्लू। कुल्लू में शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेता और एक्शन स्टार सनी देओल के आगमन से माहौल पूरी तरह फिल्मी हो गया। अपनी देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर 2’ देखने के लिए सनी देओल जैसे ही शोभाला मल्टीप्लेक्स पहुंचे, वहां मौजूद दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
सनी देओल की एक झलक पाने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार करते नजर आए। शोभाला मल्टीप्लेक्स पहुंचने पर संचालक भाविक ठाकुर ने सनी देओल को फूलों का गुलदस्ता देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद अभिनेता कुछ समय के लिए रेस्टरूम में गए और फिर सीधे सिनेमा हॉल में प्रवेश किया। सनी देओल का सादा लेकिन प्रभावशाली अंदाज लोगों को खूब भाया। इस दौरान मल्टीप्लेक्स परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
बता दें, फिल्म ‘बॉर्डर 2’ सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल है। यह फिल्म 1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है और भारतीय सैनिकों के साहस, बलिदान और देशभक्ति की भावना को बड़े पर्दे पर दिखाती है। फिल्म में सनी देओल दमदार भूमिका में है। फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं।
सनी देओल की कुल्लू यात्रा को लेकर फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह है और स्थानीय लोगों के लिए यह पल किसी यादगार मौके से कम नहीं रहा। कुल मिलाकर, सनी देओल का यह दौरा कुल्लूवासियों के लिए सिनेमा और देशभक्ति का खास संगम बनकर सामने आया।