विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हिमाचल में 268 पहुंची मृतकों की संख्या, मंडी और कुल्लू में बादल फटने से भीषण तबाही, आज बंद रहेंगे सभी स्कूल

Published: Tue, 19 Aug 2025 07:56 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 19 Aug 2025 08:18 AM (GMT+05:30)

मंडी जिले में बादल फटने से भारी तबाही हुई है जिसमें सिल्हबुधाणी कुंगड़ व स्वाड़ गांवों में भारी नुकसान हुआ ...और पढ़ें

Himachal News: हिमाचल में 268 पहुंची मृतकों की संख्या (एजेंसी फोटो)
Himachal News: हिमाचल में 268 पहुंची मृतकों की संख्या (एजेंसी फोटो)

जागरण संवाददाता, मंडी। मंडी जिले में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। देर रात बादल फटने से सिल्हबुधाणी, कुंगड़ व स्वाड़ गांवों में भारी नुकसान हुआ है। इसके साथ ही कुल्लू की लग घाटी में बादल फटने से तबाही हुई है। इस आपदा में दुकानें, मकान और फ़सलें बह गए हैं।

हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है, जिससे पहाड़ी राज्य में कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 389 सड़कें बंद हैं और कई इलाकों में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित है।

फ्लैश फ्लड की चपेट में आने से एक दुकान, दो मछली फ़ार्म, फुटब्रिज तथा सैकड़ों बीघा उपजाऊ जमीन बह गई है। कुल्लू की लग वैली में भी बादल फटने की सूचना है। वहीं, हिमाचल में इस मानसूनी सीजन में मृतकों की संख्या अब तक 268 हो गई है।

हिमाचल प्रदेश में 20 जून से अब तक बारिश के कारण मरने वालों की संख्या 268 हो गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एचपीएसडीएमए) के अनुसार, भूस्खलन, अचानक बाढ़, डूबने और बिजली गिरने जैसी बारिश से संबंधित घटनाओं में 140 लोगों की मौत हुई, जबकि इस मौसम में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 128 लोगों की मौत हुई।

336 लोग घायल

आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, 336 लोग घायल हुए हैं और 37 लापता हैं। कुल नुकसान 2,19,400 लाख रुपये (2,194 करोड़ रुपये) से अधिक आंका गया है, जिसमें सड़कों, जल योजनाओं, बिजली लाइनों, फसलों, घरों और पशुधन को हुआ नुकसान शामिल है।

बिजली और सड़कें बुरी तरह प्रभावित

लोक निर्माण विभाग (सड़कें) को 1,21,675 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, और ज़िलों में हज़ारों संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। जल शक्ति विभाग (जलापूर्ति योजनाओं) को 71,668 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है।

बिजली क्षेत्र का नुकसान 13,946 लाख रुपये से ज्यादा हो गया है, जिससे कई ग्रामीण इलाकों में कई दिनों तक बिजली नहीं रही।

सभी स्कूल बंद रहेंगे

मनाली-कीरतपुर फोरलेन सोमवार को 35 घंटे बाद बहाल हुआ। फोरलेन खुलने से विदेश पर्यटकों सहित फंसे 1300 लोगों को निकाला गया।

मंडी से कुल्लू तक भारी वर्षा व बाढ़ से औट, पनारसा, टकोली, थलौट सहित कई स्थानों पर बाधित हो गया था। एसडीएम मंडी रुपिंद्र कौर ने उपतहसील कटौला के सभी स्कूलों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आइटीआइ) व आंगनबाड़ी केंद्रों को 19 अगस्त को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।