हिमाचल सरकार के 3 साल: जनसंकल्प रैली की सफलता को चार मंत्रियों ने मंडी में झोंकी ताकत, 4 जिलों को भीड़ जुटाने का जिम्मा
हिमाचल सरकार के 3 साल पूरे होने पर जनसंकल्प रैली को सफल बनाने के लिए 4 मंत्रियों ने मंडी में ...और पढ़ें

मंडी में रैली स्थल पर अधिकारियों से बातचीत करते राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, साथ में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी। जागरण
HighLights
जनसंकल्प रैली के लिए मंडी में मंत्रियों का जमावड़ा
चार जिलों से भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई
सरकार की उपलब्धियों का होगा बखान
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में 11 दिसंबर को होने वाली जनसंकल्प रैली को सफल बनाने के लिए मंत्रियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मंत्री पूरी तरह से जुट गए हैं, ताकि कार्यक्रम में कोई कमी न रह जाए।
रैली की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, नगर नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंडी में डेरा डाल दिया है।
सरकार की ओर से विभिन्न निगम व बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस अध्यक्ष भी पहुंचे, डीजीपी ने लिया जायजा
कांग्रेस पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार भी मंडी पहुंच चुके हैं। जगत सिंह नेगी ने पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी के साथ पड्डल मैदान में मंच से लेकर पंडाल में की जा रही व्यवस्था का जायजा लिया। कमियां दूर करने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
पुलिस ने आठ सेक्टर में बांटा क्षेत्र
पुलिस महानिदेशक ने रैली में कानून व यातायात व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। पूरे कार्यक्रम स्थल व पार्किंग स्थल को आठ सेक्टरों में विभाजित किया गया है। 800 के करीब पुलिस जवान तैनात किए जा रहे हैं।
चार जिलों के नेताओं को भीड़ जुटाने का जिम्मा
मंडी, कुल्लू, हमीरपुर व बिलासपुर जिले के नेताओं को अधिक से अधिक भीड़ जुटाने का लक्ष्य दिया गया है। यहां हर क्षेत्र को एचआरटीसी की 30 से 40 तक बसें उपलब्ध करवाई गई हैं। सभी योजनाओं के लाभार्थियों को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है।
पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस ने बनाई रणनीति
ग्रामीण संसद के चुनाव की घोषणा से ठीक पहले कांग्रेस ने भाजपा को उसके गढ़ मंडी में घेरने की रणनीति बनाई है। सरकार व कांग्रेस केंद्र पर आपदा में प्रदेश की अनदेखी करने के आरोप लगा रहे हैं। इसको लेकर भी भाजपा को खरी खोटी सुनाने की तैयारी प्रदेश सरकार व कांग्रेस नेताओं ने कर ली है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।